मुंबई. कंटेंट क्रिएटर और अभिनेत्री अपूर्वा मुखीजा ने रियलिटी शो 'लॉक अप' में अपने जीवन के सबसे कठिन दौर को याद करते हुए भावुक खुलासा किया है. उन्होंने कहा कि 'इंडियाज गॉट लेटेंट' विवाद के दौरान वह मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुकी थीं और उन्हें आत्महत्या तक के विचार आने लगे थे. अपूर्वा ने दावा किया कि उस मुश्किल समय में कंटेंट क्रिएटर सूफी मोतीवाला ही उनके साथ खड़े रहे और उनकी दोस्ती ने उन्हें उस दौर से बाहर निकलने में मदद की. उन्होंने कहा कि यदि सूफी उनके साथ नहीं होते तो शायद वह उस परिस्थिति का सामना नहीं कर पातीं.
अपूर्वा मुखीजा एक सप्ताह के लिए 'लॉक अप' में इंफॉर्मर के रूप में पहुंची थीं. शो में उनकी और सूफी मोतीवाला की मुलाकात को लेकर दर्शकों को दोनों के बीच टकराव की उम्मीद थी, क्योंकि दोनों के रिश्तों में पहले सार्वजनिक रूप से दूरी आ चुकी थी. हालांकि शो में दोनों ने अपने पुराने मतभेद भुलाकर बातचीत की और एक-दूसरे के प्रति अपने भाव साझा किए.
बातचीत के दौरान सूफी मोतीवाला ने अपूर्वा से कहा कि उनके मन में उनके लिए किसी तरह की नफरत नहीं है. इस पर अपूर्वा भावुक हो गईं और कहा कि उन्होंने सूफी को बहुत याद किया. उन्होंने कहा कि जब भी कोई उनसे सूफी के बारे में पूछता है और कहता है कि वह इतने सख्त स्वभाव के हैं तो वह हमेशा यही जवाब देती हैं कि 'इंडियाज गॉट लेटेंट' विवाद के दौरान यदि सूफी उनके साथ नहीं होते तो वह शायद अपनी जान दे देतीं.
अपूर्वा के इस बयान पर सूफी ने उन्हें ऐसा न कहने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि जब दोनों दोस्त थे, वह समय उनके जीवन का सबसे अच्छा दौर था. सूफी ने बताया कि उसी दौरान उन्हें पहली बार मुंबई में अपना एक सामाजिक दायरा महसूस हुआ था और उन्हें लगता था कि जरूरत पड़ने पर कोई ऐसा व्यक्ति है, जिसके पास वे जा सकते हैं. उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने अपूर्वा को बहुत याद किया.
इस पर अपूर्वा ने कहा कि वह उस पूरे दौर से अकेले नहीं निकल सकती थीं. उन्होंने बताया कि उस समय वह किसी रिश्ते में भी नहीं थीं और व्यक्तिगत जीवन में सूफी ही उनके सबसे करीबी मित्र थे. अपूर्वा ने कहा कि उन्होंने हमेशा सूफी को इसका श्रेय दिया है कि उन्होंने उनकी जिंदगी बचाई. उनके अनुसार यदि सूफी उनके साथ नहीं होते तो वह 'इंडियाज गॉट लेटेंट' विवाद के बाद मानसिक रूप से खुद को संभाल नहीं पातीं.
गौरतलब है कि वर्ष 2025 में अपूर्वा मुखीजा कॉमेडियन समय रैना के शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' में पैनलिस्ट के रूप में शामिल हुई थीं. शो के एक एपिसोड में रणवीर इलाहाबादिया की माता-पिता और सेक्स से जुड़ी टिप्पणी के बाद पूरे कार्यक्रम को लेकर देशभर में विवाद खड़ा हो गया था. इस मामले में कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थीं, जिनमें अपूर्वा मुखीजा का नाम भी शामिल था.
बाद में अपूर्वा ने सार्वजनिक रूप से बताया था कि इस विवाद के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर लगातार जान से मारने और दुष्कर्म की धमकियां मिली थीं. उन्होंने कहा था कि उस समय उन्हें भारी मानसिक दबाव और तनाव का सामना करना पड़ा था.
अपूर्वा और सूफी मोतीवाला की दोस्ती की शुरुआत करण जौहर के शो 'द ट्रेटर्स' के दौरान हुई थी. शो में दोनों काफी अच्छे दोस्त बन गए थे और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी अक्सर साथ दिखाई देते थे. हालांकि कुछ समय बाद दोनों के बीच मतभेद सामने आए और दोनों ने सार्वजनिक रूप से एक-दूसरे से दूरी बना ली.
सूफी मोतीवाला ने उस समय सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा था कि उन्होंने अपूर्वा से लोकप्रियता हासिल करने के लिए कभी सहयोग नहीं लिया. उन्होंने लिखा था कि उन्होंने अपूर्वा के साथ किसी रील पर सहयोग नहीं किया और केवल दो बार उनके यूट्यूब चैनल पर दिखाई दिए, जो पूरी तरह अपूर्वा की सामग्री का हिस्सा था. उन्होंने यह भी कहा था कि वह अपूर्वा के दोस्त बनना चाहते थे, लेकिन परिस्थितियों के कारण उन्होंने उनसे दूरी बना ली.
अब 'लॉक अप' में दोनों के बीच हुई बातचीत से यह संकेत मिला है कि दोनों ने अपने पुराने मतभेद पीछे छोड़ दिए हैं. शो में दोनों ने खुलकर अपने रिश्ते और मुश्किल दौर के अनुभव साझा किए, जिसने दर्शकों का भी ध्यान खींचा.
इधर 'लॉक अप' के मौजूदा सीजन में प्रतियोगिता लगातार रोचक होती जा रही है. पिछले सप्ताह योगेश रावत शो से बाहर हो चुके हैं. इस सप्ताह हर्षद चोपड़ा, शिल्पा शिंदे, पामेला सेरेना, वरुण यादव और सूफी मोतीवाला एलिमिनेशन के लिए नामांकित हैं. आगामी 'जजमेंट डे' एपिसोड में हिना खान और उर्फी जावेद 'जनता की आवाज' के रूप में शो में पहुंचेंगी और प्रतियोगियों से तीखे सवाल करती नजर आएंगी. फराह खान और रितेश देशमुख द्वारा होस्ट किया जाने वाला 'लॉक अप' नेटफ्लिक्स पर शनिवार से गुरुवार रात 8 बजे प्रसारित होता है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

