जबलपुर में कैफे-स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार पर अब पुलिस की हर वक्त रहेगी नजर, आपरेशन गरिमा शुरु

जबलपुर में कैफे-स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार पर अब पुलिस की हर वक्त रहेगी नजर, आपरेशन गरिमा शुरु

प्रेषित समय :15:00:56 PM / Sun, Jul 26th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में अब स्पा सेंटर, कैफेटेरिया और अन्य स्थानों की आड़ में होने वाले अवैध देह व्यापार पर पुलिस की लगातार निगरानी रहेगी. हाल ही में पदस्थ हुईं एएसपी अन्नू बेनीवाल ने महिलाओं और लड़कियों से जुड़े अपराधों तथा अवैध देह व्यापार पर रोक लगाने के लिए ऑपरेशन गरिमा शुरू किया है.

इसके तहत शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित स्पा सेंटर व कैफेटेरिया की लगातार जांच और कार्रवाई की जाएगी. इसके लिए अलग टीम बनाई गई है, जो 24 घंटे अलर्ट रहेगी. पुलिस का कहना है कि जहां भी महिलाओं की अस्मिता से खिलवाड़ या अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलेगी, वहां तत्काल कार्रवाई होगी. पुलिस की जांच में सामने आया है कि शहर के कई स्पा सेंटर और कैफेटेरिया की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं.

यहां आने वाले युवाओं से अधिक राशि लेकर उन्हें निजी केबिन उपलब्ध कराए जाते थे. तीन दिन पहले पुलिस ने शहर के पांच स्पा सेंटर और कैफेटेरिया में छापा मारा, जहां लंबे समय से यह गतिविधियां चलने की जानकारी मिली. जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि कई लोगों में कानून का कोई डर नहीं था. पुलिस के अनुसार, पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.

केबिन के लिए प्रति घंटे वसूले जाते थे 300 रुपए

एएसपी अन्नू बेनीवाल और एएसपी आयुष जाखड़ ने टीम के साथ शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की. जांच के दौरान कई स्थानों पर लड़के-लड़कियां, महिलाएं और युवतियां मिलीं. पुलिस के मुताबिक कैफे के अंदर छोटे-छोटे केबिन बनाए गए थे, जिन्हें 300 रुपए प्रति घंटे के हिसाब से दिया जाता था. कई कमरे पूरी तरह अंधेरे में संचालित हो रहे थे. पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि ग्राहकों को केबिन के साथ मैगी और कॉफी भी उपलब्ध कराई जाती थी. भुगतान क्यूआर कोड के माध्यम से लिया जाता था.

स्पा के भीतर मिला खुफिया रास्ता-

नेपियर टाउन स्थित डीएक्स कैफे में कार्रवाई के दौरान शुरुआत में सब कुछ सामान्य दिखाई दिया. हालांकि अंदर जांच करने पर पुलिस को एक गुप्त रास्ता मिला, जो स्पा सेक्शन तक जाता था. वहां स्पा का बोर्ड तो लगा था, लेकिन मसाज क्रीम, सैलून उपकरण या अन्य आवश्यक सामग्री नहीं मिली. इसके बजाय कमरों में केवल बेड लगे हुए थे. पुलिस का मानना है कि स्पा सेंटर की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं. पुलिस का कहना है कि हाल की कार्रवाई से पहले कई दिनों तक सूचनाएं जुटाई गई थीं. छापेमारी के दौरान कई कैफे केवल दिखावे के लिए संचालित पाए गए, जबकि अंदर निजी केबिनों में अवैध गतिविधियां चल रही थीं.

रिकॉर्ड में 1319 ब्यूटी पार्लर-

नगर निगम के रिकॉर्ड के अनुसार शहर में 1319 ब्यूटी पार्लर पंजीकृत हैं. इनमें 94 प्रतिष्ठानों ने ब्यूटी पार्लर के साथ स्पा सेंटर का लाइसेंस लिया है. पुलिस का मानना है कि शहर में संचालित अवैध स्पा सेंटरों की संख्या इससे कहीं अधिक है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-