दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो फ्लाइट से निकलने लगा धुआं, राजकोट में इमरजेंसी लैंडिंग, सैकड़ों यात्रियों की जान

दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो फ्लाइट से निकलने लगा धुआं, राजकोट में इमरजेंसी लैंडिंग, सैकड़ों यात्रियों की जान

प्रेषित समय :17:31:47 PM / Mon, Jul 27th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

राजकोट. दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब हवा में ही विमान से धुआं निकलने लगा. किसी बड़े अनहोनी के अंदेशे को देखते हुए पायलट ने अपनी सूझबूझ और तत्परता का परिचय दिया और गुजरात के राजकोट एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई. पायलट के सही समय पर लिए गए सटीक निर्णय से विमान को रनवे पर सुरक्षित उतार लिया गया, जिससे विमान में सवार सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स की जान बाल-बाल बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया.

राजकोट एयरपोर्ट के डायरेक्टर दिगंत बोराह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इंडिगो का यह विमान दुबई से मुंबई की उड़ान पर था. इसी दौरान पायलट को विमान के कार्गो होल्ड एरिया से धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया. हालात की गंभीरता को भांपते हुए पायलट ने बिना कोई समय गंवाए तुरंत राजकोट एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क साधा और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी. एटीसी से हरी झंडी मिलते ही विमान को राजकोट एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया गया. फिलहाल विमान के सभी यात्री पूरी तरह से सुरक्षित हैं और तकनीकी टीम धुएं के कारणों की जांच में जुटी हुई है.

मोहाली एयरपोर्ट पर भी पावर बैंक में हुआ था ब्लास्ट

इंडिगो की फ्लाइट में इस तरह के हादसे का यह कोई पहला मामला नहीं है. इसी साल 5 मई को पंजाब के मोहाली स्थित शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी एक बड़ा हादसा होते-होते बचा था. लैंडिंग के तुरंत बाद ही एक यात्री के पावर बैंक में अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया था, जिससे पूरे केबिन में धुआं फैल गया और यात्रियों के बीच भारी अफरातफरी मच गई थी. उस वक्त भी केबिन क्रू की तत्परता से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया था और विमान में मौजूद 198 यात्रियों व छह क्रू सदस्यों को इमरजेंसी डोर से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-