मुंबई. कोल्हापुर से चलकर मुंबई जा रही महालक्ष्मी एक्सप्रेस में मंगलवार 28 जुलाई की सुबह धुआं निकलने से यात्रियों में हड़कंप मच गया. हालांकि, पुलिस के अनुसार, इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है. यह घटना मुंबई से लगभग 90 किलोमीटर दूर रायगढ़ जिले के कर्जत में मंकी हिल सेक्शन के पास हुई.
बताया जाता है कि कोल्हापुर से मुंबई जा रही महालक्ष्मी एक्सप्रेस के एक डिब्बे से अचानक धुआं निकलते देखा गया, जिससे ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
शॉर्ट सर्किट हो सकती है वजह
रेलवे पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में धुआं निकलने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है. रेलवे अधिकारियों ने तुरंत प्रभावित कोच की जांच की और आवश्यक कदम उठाए, जिसके बाद ट्रेन को आगे की यात्रा के लिए रवाना किया गया.
कोई हताहत नहीं, यात्री सुरक्षित
कर्जत जीआरपी के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक किरण माटकर ने पुष्टि करते हुए कहा कि इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ है और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं. अधिकारियों ने बताया कि महालक्ष्मी एक्सप्रेस को सुबह करीब 5:30 बजे कर्जत स्टेशन से गुजरना था, लेकिन धुआं दिखने के कारण ट्रेन को रोक दिया गया. अधिकारियों द्वारा कोच की अच्छी तरह से जांच करने और जरूरी तकनीकी काम पूरा करने के बाद, ट्रेन सुबह करीब 6:15 बजे कर्जत स्टेशन से आगे के लिए रवाना हो सकी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

