केरलम में भारी बारिश से भारी तबाही, भूस्खलन से 4 लोगों की मौत, 8 जिलों में रेड अलर्ट

केरलम में भारी बारिश से भारी तबाही, भूस्खलन से 4 लोगों की मौत, 8 जिलों में रेड अलर्ट

प्रेषित समय :15:18:14 PM / Sat, Aug 1st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

तिरुवनंतपुरम. केरलम में मूसलाधार बारिश के चलते आई विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है. शनिवार को इडुक्की और कोट्टायम जिलों में अलग-अलग जगहों पर हुए भूस्खलन के कारण चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है.

इडुक्की जिला प्रशासन के मुताबिक, मृत महिला की पहचान सुमति के रूप में हुई है. वह अडूरमाला क्षेत्र की रहने वाली थीं. शनिवार सुबह हुए भूस्खलन का मलबा उसके घर पर गिर गया, पड़ोसियों ने उसके पति और बेटे को बचा लिया. दोनों घायल हो गए और उन्हें थोडुपुझा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया. नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एनडीआरएफ), फायर एंड रेस्क्यू सर्विसेज, पुलिस और राजस्व अधिकारियों के तलाशी अभियान के बाद सुमति का शव बरामद किया गया.

कोट्टायम में एक युवक की मौत

कोट्टायम जिले के पूंजार में पय्यानीथोट्टम में भूस्खलन के दौरान एक युवक की मौत हो गई और उसकी मां मलबे के नीचे दब गई. मृतक की पहचान जॉनी के बेटे जोसेफ के रूप में हुई है और उसकी मां की तलाश जारी है, जिनके मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है. जोसेफ को बचा तो लिया गया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय चोटों के कारण उसकी मौत हो गई.

इडुक्की में रिश्तेदार के घर सो रहे युवकी की मौत

एक अन्य घटना में, इडुक्की जिले के वागामोन इलाके में एक घर पर भूस्खलन होने से प्रभाकरन नायर नाम के व्यक्ति की मौत हो गई. अधिकारियों ने बताया कि कोट्टायम के वाइकोम के रहने वाले नायर भूस्खलन के समय अपने रिश्तेदार के घर सो रहा था. घंटो तक चले तलाशी अभियान के बाद प्रभाकरन नायर का शव बरामद किया गया.

प्रभावित परिवारों को सुरक्षित जगह पहुंचाया गया

इडुक्की जिले के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन और बाढ़ की सूचना मिली. उप्पुथारा में भूस्खलन से खड़ी पुलिस जीप क्षतिग्रस्त हो गई. वहीं, पुल्लाकयार नदी के उफान पर होने के कारण कोक्कयार का निचला क्रॉसिंग (चप्पथ) जलमग्न हो गया है. अधिकारियों ने बताया कि आसपास के इलाके में करीब छह घर जलमग्न हो गए और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. अधिकारियों ने बताया कि जिले के विभिन्न हिस्सों से कई अन्य भूस्खलन की सूचना मिली है. भारी बारिश के कारण कई जगहों पर यातायात भी बाधित हुआ. भूस्खलन के कारण कट्टाप्पना और वझावारा के बीच की सड़क बंद हो गई, जबकि वंडीपेरियार में चोट्टुपारा धारा में जलस्तर बढऩे से नेशनल हाईवे 183 पर जलभराव हो गया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-