नीट यूजी काउंसलिंग 4 अगस्त से शुरू, 8 सितंबर से नए सत्र की होगी शुरुआत

नीट यूजी काउंसलिंग 4 अगस्त से शुरू, 8 सितंबर से नए सत्र की होगी शुरुआत

प्रेषित समय :18:54:10 PM / Sun, Aug 2nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 के माध्यम से एमबीबीएस, बीडीएस और अन्य स्नातक चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने काउंसलिंग का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है. इसके अनुसार अखिल भारतीय कोटा (AIQ), डीम्ड विश्वविद्यालयों और केंद्रीय विश्वविद्यालयों के लिए पहले चरण की काउंसलिंग 4 अगस्त से शुरू होगी. वहीं 2026-27 शैक्षणिक सत्र की शुरुआत 8 सितंबर से होगी. एमसीसी ने सभी संस्थानों, राज्य काउंसलिंग प्राधिकरणों और संबंधित एजेंसियों को निर्धारित समय-सारिणी का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं.

जारी कार्यक्रम के अनुसार डीम्ड और केंद्रीय विश्वविद्यालयों में पहले चरण की काउंसलिंग 4 अगस्त से 17 अगस्त तक चलेगी. पहले चरण के लिए ऑनलाइन पंजीयन 5 अगस्त से शुरू होगा और अभ्यर्थी 12 अगस्त को दोपहर 3 बजे तक अपना पंजीयन करा सकेंगे. इसके बाद 6 अगस्त से 13 अगस्त तक अभ्यर्थियों को अपनी पसंद के कॉलेज और पाठ्यक्रम भरने का अवसर मिलेगा. सीट आवंटन की प्रक्रिया 13 से 16 अगस्त के बीच पूरी की जाएगी तथा प्रथम चरण का परिणाम 17 अगस्त को घोषित किया जाएगा. जिन अभ्यर्थियों को सीट आवंटित होगी, उन्हें 22 अगस्त तक संबंधित संस्थान में प्रवेश की औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी.

एमसीसी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार दूसरे चरण की काउंसलिंग 24 अगस्त से 2 सितंबर तक आयोजित की जाएगी, जबकि तीसरा चरण 10 सितंबर से 18 सितंबर के बीच होगा. इसके बाद स्ट्रे वैकेंसी राउंड 28 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलेगा और 10 अक्टूबर आवंटित सीट पर प्रवेश लेने की अंतिम तिथि होगी.

राज्य कोटा की सीटों के लिए अलग कार्यक्रम जारी किया गया है. इसके तहत पहले चरण की काउंसलिंग 13 अगस्त से 22 अगस्त तक होगी और अभ्यर्थियों को 28 अगस्त तक संबंधित कॉलेज में प्रवेश लेना होगा. दूसरे चरण की काउंसलिंग 31 अगस्त से 8 सितंबर तक आयोजित की जाएगी, जबकि तीसरा चरण 16 सितंबर से 26 सितंबर तक चलेगा. राज्य कोटा की स्ट्रे वैकेंसी काउंसलिंग 3 अक्टूबर से 5 अक्टूबर के बीच होगी.

एमसीसी ने स्पष्ट किया है कि यद्यपि विभिन्न चरणों की काउंसलिंग सितंबर और अक्टूबर तक जारी रहेगी, लेकिन नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत 8 सितंबर से निर्धारित समय पर ही कर दी जाएगी. खाली बची सीटों को बाद के चरणों में भरा जाएगा. इसके लिए सभी मेडिकल कॉलेजों और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं.

इस वर्ष एमसीसी ने काउंसलिंग प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और छात्र हितैषी बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण बदलाव भी किए हैं. अब जिन अभ्यर्थियों को किसी चरण में सीट आवंटित होने के बाद अगले चरण में अपग्रेडेशन का विकल्प चुनना है, उन्हें केवल औपचारिकताएं पूरी करने के लिए संबंधित कॉलेज में अनिवार्य रूप से शारीरिक रूप से उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं होगी. उनकी प्रवेश स्थिति काउंसलिंग प्रणाली में सुरक्षित रहेगी और वे अगले चरण में अपग्रेडेशन के लिए पात्र बने रहेंगे.

इसके अलावा पहली बार ऑनलाइन इस्तीफा (ऑनलाइन रेजिग्नेशन) की सुविधा भी शुरू की गई है. निर्धारित नियमों और समय-सीमा के भीतर अभ्यर्थी एमसीसी के काउंसलिंग पोर्टल के माध्यम से आवंटित सीट से ऑनलाइन इस्तीफा दे सकेंगे. इसके लिए संबंधित मेडिकल कॉलेज में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है.

एमसीसी ने एनआरआई श्रेणी के अभ्यर्थियों को भी राहत देते हुए डीम्ड विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने की सुविधा उपलब्ध कराई है. इससे दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल और तेज होगी.

काउंसलिंग प्रक्रिया को समय पर पूरा करने के लिए एमसीसी ने सभी भागीदारी संस्थानों, राज्य काउंसलिंग प्राधिकरणों और संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया है कि वे शनिवार, रविवार तथा सभी राजपत्रित अवकाश के दिनों को भी कार्य दिवस मानकर आवश्यक कार्यवाही पूरी करें. साथ ही प्रत्येक चरण के बाद प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों का सत्यापन समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा, ताकि अगले चरण की सीट आवंटन प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो.

एमसीसी ने नीट-यूजी 2026 में सफल सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे निर्धारित तिथियों के अनुसार समय पर पंजीयन, विकल्प भरने और आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी करें. अधिकारियों का कहना है कि निर्धारित समय-सीमा के बाद किसी भी चरण में विलंब होने पर संबंधित अभ्यर्थी उस चरण की काउंसलिंग से वंचित हो सकता है. इसलिए सभी अभ्यर्थियों को आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार तैयारी कर समय पर काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेने की सलाह दी गई है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-