पटना. बिहार की राजधानी पटना की सड़कें शुक्रवार को अचानक रणक्षेत्र में तब्दील हो गईं. अगमकुआं थाना क्षेत्र के पहाड़ी इलाके में एक तेज रफ्तार बेकाबू बस ने 26 वर्षीय युवक को बेरहमी से कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा इस कदर भड़का कि उन्होंने कानून-व्यवस्था को पूरी तरह से अपने हाथ में ले लिया. आक्रोशित भीड़ ने न केवल मौत बांटने वाली बस को आग के हवाले कर दिया, बल्कि पुलिस और मीडियाकर्मियों पर भी हिंसक हमला बोल दिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
धू-धू कर जलीं गाडिय़ां, जान बचाकर भागी दमकल और पुलिस
हादसे के तुरंत बाद बस का ड्राइवर गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया, लेकिन उग्र भीड़ ने बस को घेर लिया और उसमें आग लगा दी. हालात इतने बेकाबू हो गए कि आग बुझाने पहुंची दमकल टीम को भी उपद्रवियों ने वहां से खदेड़ दिया. बवाल शांत कराने पहुंची पुलिस को भी भारी विरोध और हिंसा का सामना करना पड़ा. उन्मादी भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की, जिसके बाद कई जवानों को अपनी जान बचाने के लिए मौके से भागना पड़ा. उपद्रवियों ने पुलिस की तीन जीप और मौके पर खड़ी कई बाइकों को भी आग का गोला बना दिया.
पत्रकारों पर भी नहीं खाया रहम, छीनी माइक आईडी
इस खौफनाक बवाल की कवरेज करने पहुंचे मीडियाकर्मी भी भीड़ के अंधे गुस्से का शिकार हुए. उपद्रवियों ने पत्रकारों पर हमला किया और एक न्यूज चैनल के रिपोर्टर की माइक आईडी तक छीन ली. बवाल को बढ़ता देख खौफ के मारे कई लोग अपनी बाइक सड़क पर ही छोड़कर भाग गए, जिन्हें बाद में दंगाइयों ने जलाकर राख कर दिया. मीडियाकर्मियों की बाइकों को भी नुकसान पहुंचाया गया है.
भारी पुलिस बल की तैनाती, बल प्रयोग कर पाया काबू
घटना की गंभीरता और बिगड़ते हालात को देखते हुए कई थानों की फोर्स और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. एएसपी राज कुमार सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क पार करते समय मनीष कुमार नामक युवक बस की चपेट में आ गया था, जिसके बाद वहां जुटी भीड़ में शामिल असामाजिक तत्वों ने यह पूरा उत्पात मचाया. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को वहां से खदेड़ दिया है. मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है और स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

