धार. एमपी के बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर ग्राम पंचकवासा के पास रविवार की दोपहर करीब दर्दनाक हादसा हो गया, जब ईको वैन को रॉन्ग साइड से आ रहे अनियंत्रित ट्रॉले ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए. इसमें सवार 6 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. दो शवों को ग्राइंडर से काटकर निकाला गया. जानकारी के मुताबिक, सभी उज्जैन में महाकाल के दर्शन कर गुजरात लौट रहे थे.
सभी मृतक वड़ोदरा के निवासी
हादसे में जान गंवाने वाले सभी मृतक गुजरात के बड़ोदरा शहर के बताए जा रहे हैं. हादसे की सूचना मिलते ही बदनावर टीआई अमित सिंह कुशवाह और तहसीलदार सुरेश नागर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से वैन में फंसे शवों को बाहर निकाला.
पुलिस ने मृतकों के परिजन को दी सूचना
हादसे के बाद फोरलेन पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस ने सुचारू कराया. पुलिस ने मृतकों के परिजन को गुजरात में सूचना दे दी है. शवों का पंचनामा बनाकर उन्हें बदनावर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है, जहां उनका पोस्टमार्टम कराया जाएगा. ग्रामीणों के मुताबिक, कार में 6 लोग सवार थे. ट्रॉला नंबर (जीजे 39 डीबी 9248) बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर रॉन्ग साइड से उज्जैन की ओर जा रहा था. ट्रॉले में लोहे का सामान भरा था. वहीं, मारुति ईको वैन (जीजे17 सीके 6134) उज्जैन से गुजरात की ओर जा रही थी. इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसे के बाद ट्रॉले का ड्राइवर भाग गया.
कांच तोड़कर बाहर निकाला शव
राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस करीब 10 मिनट में मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने कार की खिड़की का कांच तोड़कर अंदर से शवों को बाहर निकाला. मौके पर तहसीलदार सुरेश नागर और एसडीएम प्रियंका मिमरोद पहुंच गए हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

