रांची. झारखंड में जेपीएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ विधानसभा घेराव करने पहुंचे छात्रों को रोकने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बन गई. छात्रों के लगातार आगे बढ़ने और बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया. इसके बाद प्रदर्शनकारी छात्रों की ओर से पुलिस की तरफ जूते-चप्पल फेंके जाने लगे. घटनाक्रम के बाद मौके पर तनाव बढ़ गया है और पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है. इस बीच मामले को लेकर एसपी की ओर से भी बयान सामने आया है.
रांची में छात्रों का बड़ा जत्था विधानसभा की ओर बढ़ रहा है. हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी छात्र अपनी मांगों को लेकर आगे बढ़ रहे हैं. पुलिस की ओर से बल प्रयोग और उन्हें रोकने की कोशिश के बाद भी छात्रों का मार्च जारी है. प्रदर्शनकारी लगातार विधानसभा की ओर बढ़ते हुए नारेबाजी कर रहे हैं. मौके पर पुलिस और छात्रों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है.
आंसू गैस के गोले छोड़े गए, पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा
झारखंड में छात्रों के विधानसभा घेराव के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई. छात्रों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई. जगन्नाथ मंदिर के पास पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर आंसू गैस के गोले छोड़े. पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए टियर गैस का इस्तेमाल किया. इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया. पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है. हालात को काबू में करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है. छात्र अपनी मांगों को लेकर विधानसभा घेराव के लिए आगे बढ़ रहे थे. पुलिस उन्हें आगे जाने से रोक रही थी. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया.
जेपीएससी के पू्र्व चेयरमैन गिरफ्तार
जेपीएससी से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मामले में बड़ी खबर सामने आई. झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के पूर्व चेयरमैन एल. खियांगते को सीआईडी ने गिरफ्तार किया है. यह गिरफ्तारी 14वीं जेपीएससी परीक्षा समेत भर्ती प्रक्रिया में सामने आई कथित गड़बडिय़ों की जांच के बीच हुई है. मामले में सीआईडी की जांच लगातार आगे बढ़ रही है.
छात्रों ने लाठीचार्ज को बर्बरता बताया
रांची में विधानसभा घेराव मार्च के दौरान पुलिस के लाठीचार्ज पर एक प्रदर्शनकारी छात्र ने इसे बर्बरतापूर्ण कार्रवाई बताया. छात्र का आरोप है कि पुलिस बैरिकेडिंग के पास प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठियां बरसाईं. छात्र ने कहा कि लाठी का इस्तेमाल कमर के नीचे किया जाना चाहिए, लेकिन प्रदर्शनकारियों के सिर, हाथ, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी लाठियां मारी गईं. छात्र ने इसे सरकार का दोहरा रवैया बताते हुए पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

