महाराष्ट्र: आश्रम स्कूल में फर्श पर सो रही तीन छात्राओं को जहरीले सांप ने डसा, तीनों की दर्दनाक मौत

महाराष्ट्र: आश्रम स्कूल में फर्श पर सो रही तीन छात्राओं को जहरीले सांप ने डसा, तीनों की दर्दनाक मौत

प्रेषित समय :15:14:46 PM / Mon, Aug 10th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

गढ़चिरौली. महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां के एक आवासीय आश्रम स्कूल में रात के अंधेरे में एक जहरीला सांप मासूम बच्चियों के लिए साक्षात मौत बनकर आया. गहरी नींद में सो रही तीन छात्राओं को इस सांप ने अपना शिकार बना लिया, जिससे तीनों की तड़प-तड़प कर मौत हो गई. इस खौफनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पीड़ित परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

गहरी नींद में सो रही थीं बच्चियां

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना धानोरा तालुका के जपटलाई स्थित एक सरकारी सहायता प्राप्त आवासीय आश्रम स्कूल की है. रोजमर्रा की तरह शनिवार की रात भी सैकड़ों छात्राएं अपने-अपने कमरों में सोने चली गई थीं. इसी दौरान आधी रात को कहीं से एक जहरीला सांप बच्चियों के कमरे में घुस आया और नीचे फर्श पर सो रही तीन छात्राओं को डस लिया. सुबह जब स्कूल प्रशासन और अन्य बच्चों को इस अनहोनी की भनक लगी, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और तीनों बच्चियों की सांसें थम चुकी थीं. आनन-फानन में बच्चियों को गढ़चिरौली के जिला सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मंत्री ने दिए जांच के सख्त निर्देश

इस भयावह घटना ने स्कूल प्रशासन की भारी लापरवाही और वहां की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है. घटना के बाद यह सबसे बड़ा सवाल उठ रहा है कि बच्चियों के सांप के काटने की खबर समय पर किसी को क्यों नहीं लगी और क्या स्कूल परिसर में आपातकालीन प्राथमिक उपचार या एंटी-स्नेक वेनम की कोई सुविधा मौजूद थी या नहीं. मामले की गंभीरता को देखते हुए जनजातीय विकास मंत्री अशोक उइके ने तुरंत एक्शन लिया है. उन्होंने परियोजना अधिकारियों को तत्काल ग्राउंड जीरो पर जाकर पूरी स्थिति का मुआयना करने के निर्देश दिए हैं. वहीं, पुलिस ने भी मामला दर्ज कर अपनी जांच तेज कर दी है, जबकि आक्रोशित परिजनों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-