आरपीएफ के प्रधान आरक्षक का अमरकंटक एक्सप्रेस में चढ़ते समय गिरने से पैर कटा, पिपरिया स्टेशन में घटना

आरपीएफ के प्रधान आरक्षक का अमरकंटक एक्सप्रेस में चढ़ते समय गिरने से  पैर कटा, पिपरिया स्टेशन में घटना

प्रेषित समय :11:58:58 AM / Tue, Aug 11th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. पमरे के जबलपुर रेल मंडल के पिपरिया रेलवे स्टेशन पर सोमवार की देर रात अमरकंटक एक्सप्रेस में चढऩे के दौरान एक आरपीएफ प्रधान आरक्षक दुर्घटना का शिकार हो गए. पैर फिसलने से उनका दाहिना पैर ट्रेन की पटरी के नीचे आ गया, जिससे वह कट गया. जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने तत्काल रेस्क्यू कर घायल प्रधान आरक्षक को पिपरिया के सरकारी अस्पताल पहुंचाया.

जीआरपी चौकी प्रभारी विष्णु पाशी ने बताया कि कटनी आरपीएफ पोस्ट में पदस्थ प्रधान आरक्षक विजयशंकर यादव (48) पेट्रोलिंग ड्यूटी पर अमरकंटक एक्सप्रेस से पिपरिया आए थे. ट्रेन विलंब से रात करीब 10 बजे पहुंची, वे इसी ट्रेन से कटनी वापस जा रहे थे. ट्रेन की बोगी में चढ़ते समय ट्रेन चल पड़ी और वे अनियंत्रित होकर नीचे गिर गए. इस हादसे में उनका दाहिना पैर घुटने के पास से कट गया. उन्हें तुरंत पिपरिया के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया.

उपचार के लिए भोपाल किया रेफर

ड्यूटी डॉक्टर विक्रम पटेल ने बताया कि घायल प्रधान आरक्षक को टिटनेस का इंजेक्शन और अन्य आवश्यक उपचार देकर तत्काल एंबुलेंस से भोपाल के निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया है. चौकी प्रभारी ने बताया आरपीएफ एएसआई थॉमस उन्हें लेकर भोपाल गए हैं. घटना की सूचना रेलवे, आरपीएफ कंट्रोल रूम, परिजनों को दे दी गई है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-