दिल्ली में 15 अगस्त से पहले लालकिला, आईजीआई एयरपोर्ट समेत 6 जगहों को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप, सुरक्षा कड़ी

दिल्ली में 15 अगस्त से पहले लालकिला, आईजीआई एयरपोर्ट समेत 6 जगहों को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप, सुरक्षा कड़ी

प्रेषित समय :17:00:02 PM / Fri, Aug 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त से एक दिन पहले दिल्ली में बम की धमकी से हड़कंप मच गया है. लाल किला, दिल्ली हाईकोर्ट, आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 समेत कई सरकारी और अहम जगहों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले मिली इस धमकी से सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट मोड मे हैं. धमकी भरे ई-मेल में दिल्ली हाईकोर्ट और जिला अदालत में धमाके के समय का भी जिक्र किया गया है. दिल्ली मेट्रो और अंबाला जाने वाली ट्रेनों को निशाना बनाने की धमकी भी दी गई है. सूचना मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और संबंधित जगहों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई. शुरुआती जांच में अब तक किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की जानकारी नहीं है.

दरअसल, 15 अगस्त से पहले खालिस्तान के नाम पर धमकी भरा ई-मेल मिला है. इसमें दिल्ली हाईकोर्ट में दोपहर 2:11 बजे धमाके का दावा किया गया है. वहीं, डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में 3:11 बजे ब्लास्ट की धमकी दी गई है. ई-मेल में 15 अगस्त को धमाके करने की बात कही गई है और संदेश में लिखा है- Delhi Banayega Khalistan यानी दिल्ली बनेगा खालिस्तान. इतना ही नहीं, दिल्ली मेट्रो और अंबाला जाने वाली ट्रेनों को भी निशाना बनाने की धमकी है.

ई-मेल में आतंकी संगठन बब्बर खालसा का नाम भी लिखा है. केंद्रीय मंत्री अमित शाह और अदालतों को लेकर भी धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया गया है. ई-मेल में पंजाब के जंडियाला गुरु समेत कई स्थानों का जिक्र है. धमकी भरे ई-मेल के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं. धमकी वाले ई-मेल की जांच और भेजने वाले की पहचान की कोशिश जारी है.

दिल्ली में कहां-कहां बम की धमकी मिली?

दिल्ली हाईकोर्ट
जाम नगर हाउस
झंडेवालान बिल्डिंग
एमबी साकेत ऑफिस
टर्मिनल 3 आईजीआई
एसडीएम दफ्तर दिल्ली कैंट.
लाल किला

मेल में क्या जिक्र है

ईमेल में खालिस्तान और 1984 के सिख-विरोधी दंगों का जि़क्र करते हुए यह धमकी भी दी गई कि दिल्ली मेट्रो लाइनों और अंबाला से आने वाली ट्रेनों में भी धमाके होंगे. फिलहाल, एहतियात के तौर पर धमकी के बाद सभी सभी जगहों पर फायर टेंडर तैनात किए गए हैं. अब तक की शुरुआती जांच में इन जगहों पर कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली है.

राजधानी में सुरक्षा बढ़ाई गई

15 अगस्त को ध्यान में रखते हुए दिल्ली और एनसीआर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. अधिकारी 80वें स्वतंत्रता दिवस से पहले हालात पर कड़ी नजऱ रख रहे हैं. देश इस मौके को मनाने और लाल किले पर प्रधानमंत्री के पारंपरिक भाषण की तैयारी कर रहा है, ऐसे में राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-