संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में गूंजी किलकारी, महिला ने ट्रेन में बच्चे को दिया जन्म, रेलवे स्टाफ ने सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया

संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में गूंजी किलकारी, महिला ने ट्रेन में बच्चे को दिया जन्म, रेलवे स्टाफ ने सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया

प्रेषित समय :20:07:01 PM / Fri, Aug 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर.  रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को रेलवे स्टाफ की तत्परता और चिकित्सकीय टीम के बेहतर समन्वय से ट्रेन में प्रसव के बाद महिला और उसके नवजात शिशु को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी. एमपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के जनरल कोच में सफर कर रही महिला ने प्लेटफॉर्म पर ट्रेन खड़ी होने के दौरान बच्चे को जन्म दिया. सूचना मिलते ही रेलवे के चिकित्सक, टीसी स्टाफ और आरपीएफ जवान मौके पर पहुंचे और महिला तथा नवजात को सुरक्षित ट्रेन से उतारकर प्राथमिक उपचार दिया. बाद में दोनों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया.

जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 12122 एमपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 4 पर पहुंची थी. इसी दौरान इंजन की ओर स्थित जनरल कोच में एक महिला की प्रसव पीड़ा बढ़ गई. स्थिति गंभीर होते ही ट्रेन में मौजूद यात्रियों और रेलवे स्टाफ की ओर से इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई. सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. संतोष के साथ टीसी स्टाफ तत्काल प्लेटफॉर्म क्रमांक 4 पर पहुंचे.

मौके पर आरपीएफ का ऑन-ड्यूटी स्टाफ भी मौजूद रहा. चिकित्सक और रेलवे कर्मचारियों ने स्थिति को देखते हुए तत्काल आवश्यक व्यवस्था शुरू की. महिला ने ट्रेन के अंदर ही बच्चे को जन्म दिया. इसके बाद रेलवे चिकित्सा दल ने महिला और नवजात शिशु को सुरक्षित तरीके से कोच से बाहर निकालने में मदद की. दोनों को प्लेटफॉर्म पर लाकर चिकित्सकीय जांच की गई.

डॉ. संतोष ने महिला और नवजात शिशु को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई. प्रारंभिक उपचार के बाद चिकित्सक ने दोनों को आगे की निगरानी और आवश्यक उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की सलाह दी. रेलवे स्टाफ ने बिना समय गंवाए 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी, ताकि महिला और बच्चे को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाया जा सके.

सूचना मिलने के बाद 108 एंबुलेंस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 पर पहुंची. रेलवे स्टाफ और आरपीएफ की सहायता से प्रसूता महिला तथा नवजात शिशु को सुरक्षित रूप से एंबुलेंस तक पहुंचाया गया. इसके बाद दोनों को उपचार के लिए सिटी जिला अस्पताल भेज दिया गया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-