रायपुर. छत्तीसगढ़ में बढ़ते कैंसर के मामलों के बीच मरीजों को आधुनिक और विशेषज्ञ उपचार की सुविधा अब राजधानी रायपुर में ही उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है. रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल्स में ‘केयर कैंसर इंस्टीट्यूट’ की शुरुआत होने जा रही है. संस्थान का उद्घाटन 16 अगस्त को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे.
इस नए कैंसर संस्थान में मरीजों को स्क्रीनिंग और शुरुआती जांच से लेकर उपचार, रिकवरी और फॉलोअप तक की सुविधाएं एकीकृत रूप से उपलब्ध कराने की योजना है. अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, कैंसर के विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ मिलकर प्रत्येक मरीज की स्थिति के अनुसार उपचार की रणनीति तैयार करेंगे.
बढ़ते मामलों के बीच स्थानीय स्तर पर उपचार की पहल
आईसीएमआर-राष्ट्रीय गैर संचारी रोग महामारी विज्ञान संस्थान के अनुमान के अनुसार, छत्तीसगढ़ में वर्ष 2025 के दौरान कैंसर के करीब 31,553 नए मामले सामने आने का अनुमान था. वर्ष 2024 में यह संख्या लगभग 30,763 रही थी. कैंसर के बढ़ते मामलों के कारण प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को विशेषज्ञ उपचार के लिए अक्सर बड़े महानगरों का रुख करना पड़ता है.
केयर कैंसर इंस्टीट्यूट की स्थापना से ऐसे मरीजों को अपने घर और परिवार के करीब रहकर उपचार प्राप्त करने का विकल्प मिलेगा. इससे उपचार के लिए बार-बार दूसरे शहरों की यात्रा करने की आवश्यकता भी कम होने की उम्मीद है.
जांच और समय पर पहचान पर जोर
संस्थान में कैंसर की शुरुआती पहचान और समय पर उपचार को विशेष महत्व दिया जाएगा. अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि एक ही स्थान पर जांच और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होने से मरीजों को उपचार की प्रक्रिया में बेहतर समन्वय मिल सकेगा.
रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल्स के मैनेजिंग एवं मेडिकल डायरेक्टर डॉ. संदीप दवे ने कहा कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य मरीजों को परिवार से दूर हुए बिना कैंसर का विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराना है.
रायपुर में इस नए संस्थान की शुरुआत से छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में कैंसर उपचार की मौजूदा सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद है. साथ ही, शुरुआती जांच और समन्वित उपचार पर बढ़ता जोर कैंसर मरीजों के लिए समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभा सकता है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

