जबलपुर. एमपी के जबलपुर में शाही नाका गढ़ा निवासी कपड़ा व्यापारी गुरमीत व उसके चाचा कुलजीत भाटिया ने लांग एशिया नामक कंपनी बनाकर लोगोंं से निवेश कराकर करोड़ों रुपए की ठगी की है. इस मामले में पीडि़तों ने मदनमहल थाना पहुंचकर शिकायत की है. चाचा-भतीजे ने 40 हजार देने पर हर महीने 10 प्रतिशत ब्याज वादा लोगों को झांसे में फंसाया, जिसपर लोगों ने लाखों रुपए निवेश कर दिए.
पुलिस को लिखित शिकायत देते हुए शाहीनाका गढ़ा निवासी विजय मिश्रा ने बताया कि आठ महीने पहले गुरमीत ने उनसे संपर्क कर बताया कि शहर में 'लॉन्ग एशियाÓ नाम से कंपनी संचालित हो रही है. इसमें रुपए लगाने पर मूलधन के साथ हर महीने 10 प्रतिशत ब्याज मिलने और डॉलर में कमाई का दावा किया गया. विजय समेत कई लोगों ने शुरुआत में 40-40 हजार रुपए की आईडी बनाकर निवेश किया.
पहले दो महीने समय पर ब्याज मिला, जिससे लोगों का भरोसा बढ़ गया. इसके बाद उन्होंने और रकम लगाना शुरू कर दी. विजय का दावा है कि उन्होंने अब तक करीब 1 लाख 84 हजार रुपए जमा किए हैं, लेकिन आठ महीने से न मूलधन मिला और न ब्याज. पीडि़तों का आरोप है कि रकम वापस मांगने पर उन्हें जल्द भुगतान का भरोसा दिया जाता रहा. यहां तक कहा गया कि 25 प्रतिशत राशि आ चुकी है और जल्द ही पूरा पैसा मिल जाएगा.
मदनमहल थाने के एसआई के मुताबिक, गुरमीत के खिलाफ शिकायत मिली है. प्रारंभिक जानकारी में शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों रुपए निवेश करवाने की बात सामने आई है. रकम लौटाने से इनकार किए जाने के आरोपों की जांच की जा रही है
चेन सिस्टम बनाकर नकद रकम लेने का आरोप-
पीडि़तों के साथ थाने पहुंचे अधिवक्ता आशीष सिंह ने आरोप लगाया कि गुरमीत ने लोगों को जोड़कर चेन सिस्टम तैयार किया और बड़ी मात्रा में नकद रुपए लिए. उनके मुताबिक यह रकम अब करोड़ों रुपए तक पहुंच चुकी है. आरोप यह भी है कि गुरमीत और उसके चाचा ने एक मोबाइल एप तैयार कराया था, जिसमें निवेश की रकम को डॉलर में कन्वर्ट होता दिखाया जाता था. शुरुआती दिनों में भुगतान मिलने से लोगों को योजना पर भरोसा हो गया और धीरे-धीरे इसमें नए लोग जुड़ते गए.
ऑनलाइन भुगतान वालों को रकम लौटाने का दावा-
पीडि़तों का कहना है कि ऐसे सैकड़ों लोग हैं, जिनकी रकम मिलाकर मामला करोड़ों रुपए का हो सकता है. शिकायतकर्ताओं के मुताबिक जिन लोगों से ऑनलाइन रुपए लिए गए हैं, उन्हें रकम लौटाने की बात कही जा रही है, जबकि नकद भुगतान करने वालों को पैसा लौटाने में आनाकानी की जा रही है. पीडि़तों ने पहले एसपी कार्यालय में भी शिकायत देने की बात कही है. अब मदनमहल थाना पुलिस ने आवेदन लेकर पूरे मामले की जांच शुरू की है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

