वाराणसी. वाराणसी एयरपोर्ट पर रविवार सुबह हथियार की जांच के दौरान एक यात्री से गोली चल गई. इससे महिला समेत दो कर्मचारी घायल हो गए. दोनों को इलाज के लिए न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया. घटना सुबह करीब 9:30 बजे हुई. यात्री कमलेश राय पत्नी के साथ एअर इंडिया एक्सप्रेस की IX-1810 फ्लाइट से मुंबई जा रहे थे. उन्होंने विमान में ले जाने वाले हथियार को पहले ही डिक्लेयर किया था.
हथियार की जांच के दौरान उससे एक राउंड फायर हो गया. स्थानीय पुलिस को सूचना दे दी गई है. यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. आजमगढ़ के रहने वाले कमलेश शिवसेना नेता हैं. मुंबई में पूर्व पार्षद रह चुके हैं. उन्होंने अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल पर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और धनंजय सिंह के साथ तस्वीरें डाल रखी है.
यात्री ने पिस्टल की सूचना पहले ही दे दी थी
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (बाबतपुर) के डायरेक्टर पुनीत गुप्ता ने बताया- कमलेश अपनी पत्नी के साथ 11.30 बजे की एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से मुंबई जाने वाले थे. उनके पास लाइसेंसी पिस्टल थी. जांच के दौरान उनसे एक राउंड फायर हो गया. गोली पहले फर्श से टकराई और फिर पास में मौजूद महिला कर्मचारी गया, बिहार निवासी सुमन (32) की जांघ में लगी. गोली के छर्रे रोहित राज के हाथ में लगे. दोनों खून से लथपथ हो गए. दोनों को तुरंत ही अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
स्वतंत्रता दिवस के चलते एयरपोर्ट को 11 से 20 अगस्त तक हाईअलर्ट जोन घोषित किया गया था. इसके बावजूद फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया है. एडीसीपी गोमती जोन समेत पुलिस अधिकारी और इंटेलीजेंस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
कमलेश मुंबई में पूर्व पार्षद रह चुके, आजमगढ़ में कॉलेज चलाते हैं
आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले कमलेश का बेटा मुंबई में मौजूदा नगरसेवक (पार्षद) है. उनकी मां प्रधान हैं. हमेशा दो बॉडीगार्ड साथ लेकर चलते हैं. कमलेश का आजमगढ़ में बाबू शिव पत्थर राय स्नातकोत्तर महाविद्यालय है. कमलेश इसके प्रबंधक हैं.
घायल बोला- जानबूझकर ट्रिगर दबाया या गलती से, बता नहीं सकता
एयरपोर्ट पर सिक्योरिटी स्कैनर कर्मी रोहित ने बताया कि सुमन के साथ हथियार की जांच के लिए एक्स-रे करने काउंटर पर पहुंचा था. यात्री ने अपनी पिस्टल निकाली. उसमें पहले से गोली लोड थी. चेकिंग के दौरान यात्री ने ट्रिगर दबा दिया. उस समय सुमन ठीक सामने थीं, इस वजह से गोली सुमन के पैर में लगी, जबकि मेरे पैर में छर्रे लग गए. रोहित का कहना है कि यात्री ने जानबूझकर ट्रिगर दबाया या गलती से ऐसा हुआ, यह नहीं बता सकता.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-
..jpg)
