राजस्थान मुख्यमंत्री कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप, जांच जारी

राजस्थान मुख्यमंत्री कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप, जांच जारी

प्रेषित समय :17:11:12 PM / Tue, Aug 18th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जयपुर. राजस्थान में मुख्यमंत्री कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. धमकी मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में पुलिस के आलाधिकारी फोर्स के साथ वहां पहुंच गए हैं. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध शख्स को डिटेन कर लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है. सीएमओ को बम से उड़ाने की यह धमकी फोन के जरिये दी गई है. पकड़ा गया संदिग्ध कौन है?

जयपुर डीसीपी साउथ राजश्री राज वर्मा ने बताया कि सीएमओ को बम से उड़ाने वाला धमकी भरा यह कॉल पुलिस कंट्रोल रूम में मंगलवार को सुबह 11 बजे आया था. धमकी भरा कॉल आते ही पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फोन करने वाले व्यक्ति को पकड़ लिया है. यह पता लगाया जा रहा है कि उसने कॉल किस वजह से किया है. वर्मा के मुताबिक पहले जो धमकियां मिलती रही है वो ईमेल के जरिये आती रही है. सीएमओ को बम से उड़ाने की धमकी पहली बार मिली है. पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच पड़ताल में जुटी है.

विधानसभा, हाईकोर्ट और एयरपोर्ट को भी मिल चुकी है धमकियां

उल्लेखनीय है कि राजस्थान में धमकियों का सिलसिला कोई नया नहीं है. इससे पहले भी कई बार इस तरह धमकियां मिल चुकी है. मंगलवार को सीएमओ को बम से उड़ा देने के धमकी भरे कॉल से पहले विधानसभा, रेलवे स्टेशन, हाईकोर्ट, सवाई मानसिंह अस्पताल और जयपुर एयरपोर्ट समेत राजधानी के कई नामचीन स्कूल तथा अस्पतालों को बम के से उड़ा देने की धमकियां मिल चुकी हैं. हर बार पुलिस मौके पर पहुंचती है और एहतियातन पूरे परिसरों की गहन जांच पड़ताल करती है लेकिन आज तक कुछ नहीं मिला है.

जयपुर से बाहर दूसरे शहरों में भी मिलती रही है धमकियां

ऐसा नहीं है कि बम से उड़ा देने की धमकियां केवल जयपुर में ही मिलती है. जयपुर से बाहर जोधपुर, अजमेर, उदयपुर, बीकानेर और अन्य शहरों में भी कई बार कई सरकारी भवनों को बम से उड़ा देने की धमकियां मिलती रही है. इन शहरों में कई बार एक ही तरह के सरकारी कार्यालयों को एक साथ बम से उड़ा देने की भी धमकियां मिली हैं. इनमें पासपोर्ट कार्यालय और डाक विभाग के भवनों को निशाना बनाने की धमकियां दी गई थी
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-