जबलपुर. एमपी के जबलपुर में अनिराज नायडू की हत्या के मामले में फरार इनामी बदमाश शेख आदिल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. शेख आदिल फरारी के दौरान छोटू उर्फ सुयश चौबे की गैंग में शामिल होकर अवैध रुप से हथियारों की खरीद-फरोख्त कर रहा था. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पिस्टल, रिवाल्वर, कट्टा, ऐयर गन, तलवार, बका, 54 कारतूस व 23 मोबाइल फोन बरामद किए है.
इस संबंध में पुलिस अधिकारियों कंट्रोल रुम में आयोजित पत्रवार्ता में बताया कि अनिराज नायडू की हत्या व ग्वारीघाट क्षेत्र में हत्या के प्रयास में फरार ईनामी आरोपी शेख आदिल की पुलिस लम्बे समय से तलाश कर रही थी. इस दौरान पुलिस को खबर मिली कि शेख आदिल पिता शेख निजाम उम्र 35 वर्ष निवासी रिपटा नया मोहल्ला बड़ी ओमती भूलन बस्ती में एक मकान में फरारी काट रहा है. जिसपर पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश देकर शेख आदिल को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस को तलाशी के दौरान आदिल के पास से एक पिस्टल मिली जिसमें कारतूस लोड थे. पुलिस को पूछताछ में पता चला कि आदिल फरारी के दौरान छोटू चौबे की गैंग में शामिल होकर अवैध रुप से हथियारों की खरीद फरोख्त कर रहा था. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए है.
गैंगस्टर छोटू के पिता शेखर चौबे कटवा रहे थे आदिल को फरारी-
पुलिस को पूछताछ में शेख आदिल ने बताया कि उसे छोटू चौबे के पिता शेखर चौबे अपने घर में रुकवाकर फरारी कटवा रहे थे.
छोटू चौबे के इशारे पर की थी अनिराज की हत्या-
पुलिस को पूछताछ में शेख आदिल ने बताया कि उसने अनिराज नायडू की हत्या
छोटू चौबे के कहने पर की. इसके अलावा छोटू चौबे के कहने पर ही रतन यादव पर गोली चलाने वाले लड़कों को हथियार व कारतूस बेचना व घटना में शामिल होना स्वीकार किया.
पुलिस ने शेख आदिल की निशानदेही पर बरामद किए हथियार-

पुलिस ने शेख आदिल की निशादेही पर देशी 2 पिस्टल मय मैगजीन, 1 रिवाल्वर, 1 बारह बोर का कट्टा, 1 नग 315 बोर का कट्टा, 1 नग जंग लगा हुआ कट्टा, 2 नग एयर गन, 1 तलवार, 1 बका, 1 चाकू, 9 नग खाली मैगजीन, 50 कारतूस, तथा 68 नग फायर किये हुये कारतूस, आरोपी शेख आदिल के नाम का 1 पासपोर्ट, विभिन्न कम्पनियों के 23 नग मोबाइल बरामद किए है. आरोपी के कब्जे से उपरोक्त हथियार व सामग्री जप्त कर आरोपी शेख आदिल, शेखर चौबे, सुयश उर्फ छोटू चौबे, बाबू सिंधी के विरूद्ध अपराध थाना में धारा 25(1-बी)(ए), 25(1-ए),249(बी) के तहत प्रकरण दर्ज किया है. वहीं आरोपी शेख आदिल की थाना माढोताल के हत्या के प्रकरण व ग्वारीघाट के हत्या के प्रयास के प्रकरण में भी गिरफ्तारी की जा रही है.
आरोपी को पकडऩे में इनकी रही सराहनीय भूमिका-

शेख आदिल को हथियारों के साथ गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी अपराध डीएसपी श्री शैलेष मिश्रा के निर्देशन में अपराध थाना के उप निरीक्षक प्रभाकर सिंह, सहायक उप निरीक्षक अशोक मिश्रा, प्रशांत सोलंकी, संतोष पाण्डे, प्रधान आरक्षक मनीष सिंह, सुतेन्द्र यादव, आरक्षक प्रीतम उपाध्याय, शिव सिंह, अजीत कुमार, सत्येन्द्र बिसेन, मुकेश परिहार, इंद्रजीत, संतोष शाह, राजेश मिश्रा, राजेश मात्रे, आशुतोष की सराहनीय भूमिका रही.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

