यूपी : सपा नेता आजम खान के ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई, जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े 10 ठिकानों पर छापेमारी

यूपी : सपा नेता आजम खान के ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई, जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े 10 ठिकानों पर छापेमारी

प्रेषित समय :13:29:18 PM / Wed, Aug 19th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

लखनऊ. उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी जारी है. ईडी की टीम ने बुधवार सुबह से रामपुर, सहारनपुर और दिल्ली समेत करीब 10 ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई शुरू की है. यह कार्रवाई जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण में कथित तौर पर काले धन के इस्तेमाल से जुड़े मामले में की जा रही है. जानकारी के मुताबिक, ट्रस्ट और यूनिवर्सिटी से जुड़े परिसरों को भी जांच के दायरे में लिया गया है.

आजम खान के खिलाफ दर्ज कई दर्जन मामलों की जानकारी ईडी के साथ साझा किए जाने के बाद यह कार्रवाई की जा रही है. एजेंसी जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है. जौहर यूनिवर्सिटी पिछले कुछ समय से लगातार सुर्खियों में है. यूनिवर्सिटी में कथित अनियमितताओं के चलते इसकी 40 में से 38 इमारतों को गिराए जाने का खतरा पैदा हो गया था. हालांकि, इस मामले में अदालत ने फिलहाल रोक लगा रखी है.

मुरादाबाद कमिश्नर कोर्ट ने यूनिवर्सिटी की 38 इमारतों को गिराने के रामपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) के आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी है. मामले में अगली सुनवाई 25 अगस्त को होनी है.

जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मामले में 17 जून को जारी नोटिस के बाद कार्रवाई शुरू हुई थी. इसके बाद टैक्स विभाग ने 23 जून को एक और नोटिस जारी किया. इसमें यूनिवर्सिटी का संचालन करने वाले मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट का रजिस्ट्रेशन कथित तौर पर कई नियमों के उल्लंघन के चलते रद्द कर दिया गया था. साथ ही ट्रस्ट को अपना स्टेटस बदलकर एसोसिएशन ऑफ पर्सन्स करने का निर्देश दिया गया था. अब ईडी की ताजा छापेमारी से जौहर यूनिवर्सिटी और आजम खान से जुड़े मामलों में जांच और तेज होने के संकेत हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-