बालाघाट. मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के आदिवासी बैगा बाहुल्य ग्रामों में बच्चों में फैली बीमारी और लगातार हुई मौतों को लेकर अब खुलासा हो गया है. आईसीएमआर सहित अन्य संस्थानों की जांच में नियमित टीकाकरण से छूटे बच्चों में मीजल्स संक्रमण पाया गया है. आईसीएमआर रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर कुमार सत्यम ने बच्चों की मौत के मामले में मीजल्स संक्रमण की पुष्टि कर दी है. आईसीएमआर सहित अन्य संस्थानों की जांच में नियमित टीकाकरण से छूटे बच्चों में मीजल्स संक्रमण पाया गया है.
एनआईवी आईसीएमआर पुणे भेजे गए थे सेंपल
प्रभावित ग्रामों में मीजल्स और मलेरिया के प्रकरणों की आयुक्त स्वास्थ्य धनराजू एस की अध्यक्षता में 5 सदस्यीय दल ने 13 से 15 अगस्त तक जिले के प्रभावित ग्रामों का भ्रमण किया एवं जांच की. इस दौरान बच्चों की मृत्यु के कारणों की विस्तृत समीक्षा की गई. जिसके बाद रिपोर्ट और सेंपल को एनआईवी पुणे भेजे गए थे. जहां जांच में चांदीपुरा वायरस, वेस्ट नाईल फीवर वायरस और जापानीज एनसेफेलाइटिस वायरस सहित विभिन्न वायरस की जांच निगेटिव पाई गई. जांच एवं उपलब्ध रिपोर्टों के आधार पर बच्चों में मृत्यु का कारण मीजल्स और मलेरिया संक्रमण पाया गया है.
मलेरिया और मीजल्स संक्रमण के कारण हुई मौतें'
आईसीएमआर रिपोर्ट के आधार पर बच्चों की मौतों के प्रमुख कारणों में मलेरिया और मीजल्स संक्रमण सामने आया है. कलेक्टर कुमार सत्यम ने रिपोर्ट के आधार पर मौतों की पुष्टि की है. उन्होंने बताया, जिन गांव से ज्यादा केस आ रहे थे. वहां स्थिति अब सामान्य है. प्रभावित क्षेत्रों और गांवों में 20 हेल्थ टीम लगाई हैं जो घर घर जा रही हैं और बच्चों का चेकअप कर रही हैं. जिन बच्चों में कुछ लक्षण नजर आ रहे हैं वहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर करवा रहे हैं. अभी तक ऐसे 135 बच्चों को इलाज के बाद वापस उनके घर भेजा गया है. प्रभावित क्षेत्रों में मौसमी बीमारियों के साथ मलेरिया और मीजल्स की शिकायत मिली है. कुछ बच्चों में स्किन में बीमारी की शिकायत मिली है यानि मौत की वजह में कई बीमारियां शामिल हैं.
20 अगस्त से मीजल्स रूबेला अभियान चलाने की तैयारी
कलेक्टर कुमार सत्यम ने बताया, अब सभी प्रभावित क्षेत्रों में मीजल्स रूबेला के वैक्सीनेशन की 20 अगस्त से शुरुआत कर रहे हैं और इसकी शुरुआत बिरसा से होगी. इसमें 9 माह से 10 साल तक के बच्चों को मीजल्स रूबेला वैक्सीन की अतिरिक्त खुराक दी जाएगी. जिले के आदिवासी बाहुल्य बैहर, बिरसा और परसवाड़ा विकासखण्डों में 20 से 25 अगस्त तक एमआर कैचअप राउंड संचालित किया जाएगा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

