टीकमगढ़ में मुख्यमंत्री के जनसंवाद कार्यक्रम में बवाल, दो लोगों ने की जान देने की कोशिश

टीकमगढ़ में मुख्यमंत्री के जनसंवाद कार्यक्रम में बवाल, दो लोगों ने की जान देने की कोशिश

प्रेषित समय :17:30:05 PM / Sat, Aug 22nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

टीकमगढ़. मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में जनसंवाद कार्यक्रम के बाद शुक्रवार को जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मीडिया से रूबरू हो रहे थे, इसी दौरान सुनवाई नहीं होने से परेशान दो लोगों ने खौफनाक कदम उठाया. दोनों ने जान देने की कोशिश की. इससे कार्यक्रम में हड़कंप मच गया. खौफनाक कदम उठाने वाले दोनों लोगों को पुलिस ने बमुश्किल काबू किया. एक व्यक्ति को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

टीकमगढ़ में जन विश्वास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सामने कई लोग अपनी समस्या उठाना चाह रहे थे. लेकिन पुलिस की कड़ी सुरक्षा के कारण लोग कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुंच रहे थे. इसी दौरान अपनी समस्या लेकर आए दो लोगों ने कार्यक्रम स्थल के बाहर खुद को जान से मारने की कोशिश की. कार्यक्रम स्थल के बाहर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत एक व्यक्ति को हिरासत में लिया और दूसरे को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया. कुछ समय के लिए कार्यक्रम स्थल के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. जान देने पर उतारू दोनों लोग लंबे समय से समस्या से परेशान हैं.

पुलिस प्रताडऩा से बेटे की मौत का आरोप

मचपुरा निवासी गंगू सेन ड्राइवर है. उसने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा करीब 11 साल पहले की चोरी की घटना में उसके 13 वर्षीय पुत्र को कोतवाली पुलिस ने पकड़कर मारपीट की. पुलिस प्रताडऩा से तंग आकर उसने अपनी जान दे दी थी. तभी से वह उन पुलिस वालों पर कार्रवाई के लिए लगातार शिकायतें कर रहा है. मुझे न्याय नहीं मिला. आज मैं मुख्यमंत्री के पास न्याय की गुहार लगाने आया था. मुझे मिलने नहीं दिया गया. इसलिए मैंने आत्मघाती कदम उठाया.

अस्पताल में युवक की हालत गंभीर

मुख्यमंत्री से मिलने की कोशिश कर रहे एक और शख्स ने कार्यक्रम स्थल के बाहर खौफनाक कदम उठाया. युवक जमीन का सीमांकन नहीं होने की शिकायत लेकर सीएम से मिलने पहुंचा था. पुलिसकर्मियों ने उसे कार्यक्रम स्थल में जाने नहीं दिया. इसके बाद नाराज युवक ने नगर पालिका दफ्तर के बाहर खौफनाक कदम उठाया. पुलिस उसे टैक्सी से जिला अस्पताल पहुंचाया. सिविल सर्जन डॉ. अमित शुक्ला ने बताया युवक को निगरानी में रखा गया है.

जमीन का सीमांकन नहीं होने से परेशान

टीकमगढ़ के वार्ड क्रमांक 1 पुरानी टिहरी निवासी सचेंद्र कुशवाह अपनी पत्नी राधा कुशवाह और बेटी के साथ कार्यक्रम में पहुंचे थे. सचेंद्र सीएम से मिलकर जमीन के विवाद की शिकायत करना चाहते थे. राधा के मुताबिक उनकी टीकमगढ़ क्षेत्र में कुल 1.096 एकड़ जमीन है. जमीन पर दबंगों ने कब्जा कर लिया है. कई बार शिकायत के बावजूद पटवारी सीमांकन नहीं कर रहा. सचेंद्र ने अपने मकान पर 5 लाख रुपए का लोन लिया है. जमीन का विवाद सुलझ जाए तो कर्ज चुकाने में मदद मिलेगी. इस बारे में एडीएम शिवप्रसाद मंडराए का कहना है प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराने के लिए लोग ऐसा करते हैं. दोनों की हालत अभी ठीक है.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-