कोंडागांव. छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में मंत्री केदार कश्यप के काफिले का एक्सीडेंट हुआ है, हादसे में 6 लोग घायल हुए हैं. इनमें 1 महिला समेत 4 जवान शामिल हैं. वहीं, मंत्री के पीए और ड्राइवर को भी चोटें आई हैं. 4 गंभीर घायलों को रायपुर रेफर किया गया है.
जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर जूनवानी के पास एक स्कॉर्पियो ने पहले मंत्री की कार को टक्कर मारी. इसके बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर उनके फॉलो वाहन से जा भिड़ी. घटना के वक्त मंत्री भी कार में मौजूद थे. हादसे में वे बाल-बाल बच गए. घायलों को पहले कोंडागांव जिला अस्पताल लाया गया, जहां से 4 गंभीर घायलों को रायपुर रेफर किया गया. घटना के बाद तीनों गाडिय़ां डैमेज हुई हैं. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त गाडिय़ों को सड़क से हटवाया. मामला जुनवानी थाना क्षेत्र का है.
घायलों की स्थिति
मंत्री के पीए अनुराग शर्मा — सीने में दर्द; रायपुर रेफर.
ड्राइवर सुनील कुमार मौर्य — सिर, चेहरे और पैर में चोट; रायपुर रेफर.
प्रधान आरक्षक राजेश नेताम — सिर में गंभीर चोट; रेफर.
आरक्षक सुगंतिन उसेंडी — सिर में गंभीर चोट; रेफर.
आरक्षक त्रिलोतमा मदरू — सिर, सीने, पीठ और दाहिने हाथ में चोट.
आरक्षक नर्मदा मरकाम — सिर और बाएं कंधे में चोट.
यह है घटनाक्रम
यह घटना तब हुई जब मंत्री अपने गृह ग्राम फरसागुड़ा से कोंडागांव की ओर आ रहे थे. इसी दौरान कोंडागांव से जगदलपुर की ओर जा रही एक स्कॉर्पियो ने जूनवानी के पास अचानक मंत्री के काफिले में घुसकर उनकी कार को टक्कर मारी. इसके बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर फॉलो वाहन से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि फॉलो वाहन बुरी तरह डैमेज हो गया. उसमें सवार पुलिस जवानों को चोटें आईं. हादसे के तुरंत बाद सभी घायल जवानों को इलाज के लिए कोंडागांव जिला अस्पताल ले जाया गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक मंत्री केदार कश्यप को कोई गंभीर चोट नहीं आई है और वे इस हादसे में बाल-बाल बच गए.
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई. घायलों को तुरंत कोंडागांव जिला अस्पताल ले जाया गया. पुलिस हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच कर रही है. साथ ही स्कॉर्पियो चालक और हादसे से जुड़ी दूसरी जानकारी जुटाई जा रही है. फिलहाल मंत्री केदार कश्यप सुरक्षित हैं. घायल पुलिस जवानों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. हादसे में दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा है. समय पर मदद मिलने से बड़ा हादसा टल गया.

