रतलाम. मध्य प्रदेश के रतलाम में रविवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया है. यहां पैराडाइज वैली क्षेत्र में पानी में डूबने से तीन लोगों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि मृतकों में 2 शिक्षक और एक छात्र है. वहीं एक छात्र को रतलाम जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है. जहां उसका इलाज चल रहा है. प्रशासनिक टीम पहुंचने के पहले ही तीनों शव को बाहर निकाल लिया गया था.
बताया जा रहा है कि रतलाम शहर से 11 किलोमीटर दूर पैराडाइज वैली जो एक पिकनिक स्पॉट है, वहीं पास में एक छोटा पानी से भरा तैलया यानि छोटा तालाब जैसा है. वहां 15 से ज्यादा स्कूली छात्र और शिक्षक पिकनिक मनाने पहुंचे थे. ये सभी त्रिमूर्ति कॉन्वेंट स्कूल के 7वीं और 9वीं कक्षा के थे. छात्रों के साथ शिक्षक और प्रिंसिपल भी पिकनिक स्पॉट पर साथ थे. दोपहर करीब 3 बजे कुछ बच्चे पानी के पास खेल रहे थे. इस दौरान पैर फिसलने से बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे.
हादसे में 2 शिक्षक और एक छात्र की मौत
तभी बच्चों को बचाने शिक्षक दौड़े. जहां उन्होंने दो बच्चों को तो बचा लिया, लेकिन एक बच्चे की डूबने से मौत हो गई. वहीं दो शिक्षक भी गहरे पानी में डूब गए. घटना में दो शिक्षक विजय सिंह राठौर 35 साल, प्रिंस मोदी 30 साल और एक 7वीं के छात्र हर्षित पाटीदार 16 साल की मौत हो गई है. घटना की जानकारी मिलने के बाद दीनदयाल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचा. जहां 2 घायल छात्रों को इलाज के लिए रतलाम जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जबकि तीनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज लगाया गया. इसके बाद शव को स्कूल बस से जावरा भेज दिया गया है. घटना की जानकारी मिलते ही तीन परिवारों में मातम का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
2 छात्रों का इलाज जारी
मामले को लेकर आकस्मिक चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर चंदन द्विवेदी ने बताया कि पैराडाइज जगह से कुछ मरीज आए थे, जो डूब गए थे. मुझे पता चला कि वहां ये लोग पिकनिक मनाने गए थे. जहां तीन की डूबने से मौत हो गई है. जिसमें 2 टीचर और एक स्टूडेंट है. जबकि 2 छात्राओं का इलाज जारी है. वो खतरे से बाहर हैं. शुरूआती जांच में डूबने से मौत बताई जा रही है, बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद चीजें साफ होगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

