ढाका. पड़ोसी देश बांग्लादेश से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां रंगपुर शहर में एक रिटायर्ड हिंदू शिक्षक के पूरे परिवार को बेदर्दी से मौत के घाट उतार दिया गया है. पुलिस ने एक बंद घर का ताला तोड़कर पति-पत्नी और उनके दो बच्चों सहित कुल चार लोगों के शव बरामद किए हैं. इस निर्मम और रहस्यमयी हत्याकांड ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है. पुलिस अधिकारियों ने आशंका जताई है कि सभी की गला घोंटकर हत्या की गई है.
घर के अलग-अलग हिस्सों में बिखरी पड़ी थीं लाशें
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह खौफनाक वारदात रंगपुर शहर के दासपारा (मछुआपारा) इलाके की है. मृतकों की पहचान 65 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षक गणपति चक्रवर्ती, उनकी 50 वर्षीय पत्नी प्रीतिलता, 23 वर्षीय बेटी आगामी और 12 वर्षीय बेटे प्रियम के रूप में हुई है. रंगपुर मेट्रोपॉलिटन सीआईडी की टीम ने जब घटनास्थल का जायजा लिया, तो अंदर का नजारा बेहद खौफनाक था. हत्यारों ने वारदात को अंजाम देने के बाद शवों को अलग-अलग जगह फेंक दिया था. मां और जवान बेटी के शव सीढिय़ों पर पड़े मिले, जबकि पिता का शव छत पर और 12 साल के मासूम बेटे की लाश बिस्तर के नीचे से बरामद की गई.
दो दिन से बंद थे फोन, अनहोनी की आशंका सच साबित हुई
इस सामूहिक हत्याकांड का खुलासा तब हुआ जब परिवार के सदस्यों के फोन लगातार बंद आने लगे. मृतक प्रीतिलता की छोटी बहन पूजा चक्रवर्ती ने बताया कि उनकी आखिरी बार गुरुवार दोपहर अपनी बहन से बात हुई थी. इसके बाद से ही चारों के मोबाइल फोन बंद हो गए. जब किसी अनहोनी की आशंका हुई, तो रिश्तेदार शनिवार रात दासपारा स्थित उनके घर पहुंचे. घर का मुख्य गेट अंदर से बंद था और कोई लाइट भी नहीं जल रही थी. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जब ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, तो वहां चारों के शव पड़े हुए थे.
लूटपाट या रंजिश में उलझ गई हत्या की गुत्थी
जांच टीम को घर के अंदर सारा सामान बुरी तरह से बिखरा हुआ और अस्त-व्यस्त हालत में मिला है. रंगपुर मेट्रोपॉलिटन पुलिस का मानना है कि पहली नजर में यह मामला लूटपाट के इरादे से की गई हत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि, रिश्तेदारों और पड़ोसियों का स्पष्ट कहना है कि गणपति बेहद सीधे और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे, जिनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी. पुलिस, सीआईडी और डिटेक्टिव ब्रांच (डीबी) की संयुक्त टीमें हर एंगल से इस हत्याकांड की गहराई से जांच कर रही हैं. फिलहाल चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रंगपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

