जबलपुर. शनिवार 23 अगस्त की देर रात शहर के गौरीघाट से ओमती के लिए निकली कांवड़ यात्रा के दौरान हवाई फायरिंग को लेकर हंगामा हो गया. सैकड़ों कांवडिय़ों की भीड़ में एक युवक ने एयरगन से हवाई फायर कर दिया. सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए तैनात पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर युवक से एयरगन अपने कब्जे में ले ली. इसके बाद कुछ युवक पुलिस से बहस करने लगे और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई.
बताया जा रहा है कि यात्रा में महिलाएं, बच्चे और बड़ी संख्या में युवक शामिल थे. नर्मदा नदी से आगे बढ़ते समय अचानक हवाई फायर की आवाज सुनाई दी. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एयरगन जब्त कर ली. इसी बात को लेकर युवकों और पुलिस के बीच विवाद शुरू हो गया. घटना का वीडियो सोमवार को सामने आया है.
पुलिस को घेरा, धक्का-मुक्की की नौबत
एयरगन जब्त किए जाने के बाद कुछ युवकों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया. उन्होंने कथित तौर पर पुलिस से बंदूक वापस लेने की कोशिश की. बहस बढऩे के बाद धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी. मौके पर मौजूद अतिरिक्त पुलिस बल ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया. इसके बाद कांवड़ यात्रा आगे रवाना हो गई.
पुलिस करेगी जांच
एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि भविष्य में धार्मिक यात्राओं के दौरान इस तरह की घटनाएं न हों, इसके लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. धार्मिक यात्रा के दौरान हवाई फायरिंग ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं. भीड़भाड़ वाले आयोजन में हथियार से फायरिंग किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि एयरगन लेकर यात्रा में शामिल युवक कौन था और किन परिस्थितियों में फायरिंग की गई.


