तिब्बत की बाढ़ से नेपाल में तबाही, कई गांव और हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट बहे, 28 पुलिसकर्मी भी लापता

तिब्बत की बाढ़ से नेपाल में तबाही, कई गांव और हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट बहे, 28 पुलिसकर्मी भी लापता

प्रेषित समय :12:48:36 PM / Wed, Aug 26th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

काठमांडू. नेपाल में तिब्बत की सीमा से लगे इलाके में अचानक आई जबरदस्त बाढ़ ने कई गांवों और प्रोजेक्ट साइट्स को तबाह दिया और 28 पुलिसकर्मी तापता हैं. अधिकारियों ने भारी जान-माल के नुकसान की आशंका जताते हुए नदी के किनारे रहने वाले लोगों से ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की.

सरकारी अधिकारियों ने बताया कि रसुवा के पहाड़ी जिले में स्याप्रु बेसी और तिमुरे इलाके बुरी तरह प्रभावित हुए हैं. साथ ही उन्होंने भोटे कोशी नदी के किनारे रहने वाले लोगों से ज्यादा सावधानी बरतने को कहा है.

प्रशासन के पास अभी पक्की जानकारी नहीं

जिला प्रशासक नरेंद्र परियार ने रॉयटर्स को बताया, हमें गांवों और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट साइट्स के बह जाने की खबरें मिली हैं. उन्होंने आगे कहा कि अभी जान-माल के नुकसान का कोई पक्का अनुमान उपलब्ध नहीं है. उन्होंने कहा, काफी जान-माल का नुकसान हो सकता है लेकिन अभी मैं पक्के तौर पर कुछ नहीं कह सकता.

पुलिस और सेना की टीमें राहत और बचाव कार्य में लगीं

प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने कहा कि बचाव और राहत टीमों के साथ-साथ पुलिस और सेना को भी मदद के काम में लगाया गया है. उन्होंने कहा, निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाने के निर्देश दिए गए हैं. सरकार ने अपने बयान में कहा, नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सलाह दी जाती है कि वे ज्यादा सावधानी बरतें और सतर्क रहें.

28 पुलिसकर्मी लापता

इस बाढ़ के कारण सुरक्षा बल के 28 जवान लापता हो गए हैं. जिन 28 सुरक्षाकर्मियों से संपर्क नहीं हो पा रहा है, उनमें से 19 नेपाल पुलिस के हैं और नौ आर्म्ड पुलिस फोर्स के हैं. बागमती प्रांत पुलिस कार्यालय के अनुसार, रसुवागढ़ी पुलिस पोस्ट पर तैनात 22 पुलिसकर्मियों में से 13 से संपर्क नहीं हो पा रहा है, जबकि नौ से संपर्क हो गया है. स्याब्रूबेसी इलाके में नौ पुलिसकर्मियों में से तीन से संपर्क हो गया है, जबकि छह से अभी भी संपर्क नहीं हो पाया है. इसी तरह तिमुरे बॉर्डर आउटपोस्ट पर तैनात एपीएफ के नौ जवान भी संपर्क से बाहर हैं.