नई दिल्ली. लखनऊ से बेंगलुरु पहुंची इंडिगो की फ्लाइट में बम की धमकी वाला पत्र मिलने से बुधवार को हड़कंप मच गया. फ्लाइट संख्या 6ई-231 के बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर पहुंचने के बाद यह धमकी सामने आई. बताया जा रहा है कि विमान के हवा में रहने के दौरान ही क्रू को यह पत्र मिला था.
क्रू ने तुरंत इसकी जानकारी पायलट को दी, जिसके बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को धमकी की सूचना दी. इसके बाद विमान को सुरक्षा जांच के लिए रनवे के पास एक निर्धारित स्थान पर ले जाकर पार्क किया गया और सभी यात्रियों को विमान से उतार दिया गया.
बम धमकी की सूचना मिलते ही बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड, सीआईएसएफ और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं. विमान की गहन तलाशी और सुरक्षा जांच की गई. प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि धमकी वाला पत्र विमान में सवार किसी यात्री ने रखा हो सकता है. फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

