छत्तीसगढ़ के दुर्ग नगर निगम परिसर में महापौर की इनोवा कार में लगी आग

छत्तीसगढ़ के दुर्ग नगर निगम परिसर में महापौर की इनोवा कार में लगी आग

प्रेषित समय :14:51:47 PM / Thu, Aug 27th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग नगर निगम परिसर में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. निगम की महापौर अलका बाघमार के आधिकारिक उपयोग में शामिल इनोवा कार में अचानक भीषण आग लग गई. घटना सुबह लगभग 11 बजे की है, जब वाहन महापौर कक्ष के ठीक सामने पार्किंग में खड़ा था. जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय महापौर अलका बाघमार अपने चेंबर में प्रशासनिक कार्यों में व्यस्त थीं.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इनोवा के बोनेट से अचानक धुआं निकलते देखा गया, जो देखते ही देखते तेज लपटों में बदल गया. इंजन वाले हिस्से से आग की भीषण लपटें उठती देख निगम कर्मचारियों, अधिकारियों और अपने कार्यों से पहुंचे आम नागरिकों के बीच हड़कंप मच गया. परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई.

आग की लपटों को विकराल रूप लेते देख कर्मचारियों ने सतर्कता दिखाई और पास में खड़े अन्य वाहनों को तुरंत वहां से हटाना शुरू किया, जिससे आग अन्य गाड़ियों तक नहीं फैल सकी. घटना की सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग (फायर ब्रिगेड) को दी गई. सूचना मिलने के बाद दोपहर लगभग 12 बजे फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया.

प्राथमिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि वाहन में आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है. हालांकि, हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है. नगर निगम प्रशासन के अनुसार यह इनोवा कार किराए पर ली गई थी. गनीमत यह रही कि समय रहते सतर्कता बरतने से कोई जनहानि नहीं हुई और न ही अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचा.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-