गया के गुरुपद गिरी पर्वत पर आसमानी बिजली गिरने से बीस से अधिक श्रद्धालु झुलसे, एक की हुई मौत

गया के गुरुपद गिरी पर्वत पर आसमानी बिजली गिरने से बीस से अधिक श्रद्धालु झुलसे, एक की हुई मौत

प्रेषित समय :21:42:10 PM / Sat, Aug 29th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

अनिल मिश्र/ पटना 

बिहार प्रदेश के धार्मिक नगरी गयाजी  जिले के फतेहपुर के पास स्थित गुरुपद गिरी पर्वत पर आज शनिवार की दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि 20 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए. घायलों में दो पुलिस जवान भी शामिल हैं.गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गयाजी स्थित मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रेफर किया गया है ,मृतक की पहचान बेलागंज थाना क्षेत्र के विकास कुमार के रूप में हुई है.

इस आसमानी आफत के बाद स्थानीय ग्रामीणों और रेस्क्यू टीम की कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को पहाड़ से नीचे लाने का काम लगातार जारी है. प्राप्त जानकारी के मुताबिक सात घायल श्रद्धालुओं को फतेहपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में लाया जा चुका है, जहां चिकित्सकों की टीम उनके इलाज में जुट गई है. अस्पताल पहुंचे घायलों में गुरपा के स्थानीय निवासी महेंद्र प्रसाद की पुत्री प्रिया कुमारी और रामदेव पासवान के पुत्र संजय पासवान शामिल हैं. इनके साथ ही खुशी कुमारी, कांटी निवासी शुभम कुमार, आदल कुमार, आकाश कुमार और सुबोध कुमार भी इस प्राकृतिक आपदा का शिकार हुए हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है.

वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर में भर्ती घायलों में से कांटी के रहने वाले शुभम कुमार की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर चिकित्सा के लिए तुरंत गया रेफर कर दिया है. बाकी घायलों का इलाज फतेहपुर में ही चल रहा है और प्रशासन उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. पहाड़ की अधिक ऊंचाई और सीढ़ियों वाले दुर्गम रास्ते के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी समय लग रहा है, लेकिन स्थानीय लोगों की भारी भीड़ और पुलिस प्रशासन के सहयोग से फंसे हुए अन्य लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास युद्ध स्तर पर जारी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-