बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है. तखतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जूनापारा पुलिस चौकी के पास शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी. इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और वह ट्रक के नीचे फंसकर काफी दूर तक घिसटती चली गई.
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी काम से जा रहे थे. जैसे ही वे जूनापारा गांव के मुख्य मार्ग के करीब पहुंचे, सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के तुरंत बाद चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही जूनापारा चौकी प्रभारी भुनेश साहू पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
दुर्घटना के कारण सड़क पर शव और बाइक के अवशेष बिखर जाने से काफी समय तक यातायात प्रभावित रहा. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मार्ग को खाली कराया और आवागमन सुचारू रूप से बहाल कराया. इसके बाद तीनों शवों का पंचनामा तैयार कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी मर्चुरी भिजवाया गया.
फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों, टोल प्लाजा और आसपास के गांवों में मोटरसाइकिल के नंबर एवं युवकों के हुलिए के आधार पर पहचान जुटाने की कोशिश कर रही है. परिजनों की तलाश जारी है.
दूसरी ओर, घटना के बाद भागे ट्रक चालक की धरपकड़ के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. मार्ग पर स्थित दुकानों, पेट्रोल पंपों और ढाबों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि ट्रक के नंबर का पता लगाया जा सके. पुलिस का दावा है कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे जल्द ही हिरासत में ले लिया जाएगा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

