रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित विधानसभा थाना परिसर में शनिवार को एक बेहद दुखद हादसा सामने आया. परिसर में लगे वाटर कूलर में अचानक विद्युत प्रवाह (करंट) आ जाने से 32 वर्षीय रमेश ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, युवक को तड़पता देख उसे बचाने दौड़ा पुलिस आरक्षक गणेश भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया. घायल आरक्षक को तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर जिले के बिल्हा क्षेत्र का रहने वाला रमेश ठाकुर किसी निजी काम के सिलसिले में विधानसभा थाने आया हुआ था. प्यास लगने पर वह थाना परिसर के बाहर लगे वाटर कूलर के पास पानी पीने गया, जहां अचानक वह भीषण करंट की चपेट में आ गया. करंट इतना तेज था कि रमेश तुरंत जमीन पर गिर पड़ा. यह दृश्य देखकर पास ही मौजूद आरक्षक गणेश बिना अपनी परवाह किए युवक की ओर झपटा, लेकिन वह भी बिजली के तेज झटके की चपेट में आ गया.
घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई. साथी पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तत्काल मुख्य बिजली आपूर्ति बंद कराई और दोनों को संभाला. हालांकि, तब तक रमेश ठाकुर दम तोड़ चुका था. गंभीर रूप से झुलसे आरक्षक गणेश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (CSEB) की टीम मौके पर पहुंची. बिजली विभाग की टीम वाटर कूलर के कनेक्शन, वायरिंग और विद्युत प्रवाह के कारणों की तकनीकी जांच कर रही है. पुलिस ने मृतक के शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि विद्युत विभाग की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

