सुकमा. छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है. आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली सटीक खुफिया जानकारी (इंटेलिजेंस) के आधार पर थाना कोंटा क्षेत्र के बेलपोच्चा-गोमपाड़ मार्ग के पास जंगलों और पहाड़ी इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया. इस दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए एक बड़े डंप को ध्वस्त कर दिया.
संयुक्त टीम की कार्रवाई, 8 किलो के टिफिन बम बरामद
30 अगस्त 2026 को जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान पर निकली थी. सुबह लगभग 11 बजे जवानों को जंगल में नक्सलियों के डंप का पता चला. तलाशी के दौरान मौके से 5 किलोग्राम और 3 किलोग्राम वजनी दो टिफिन बम बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 8 किलोग्राम है. राहत की बात यह रही कि दोनों बम बिना वायर के पाए गए, जिन्हें सुरक्षा बलों ने कब्जे में ले लिया.
बरामद विस्फोटक और सामग्री
डंप से टिफिन बमों के अलावा भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी जब्त की गई है:
04 बंडल कोडेक्स वायर
10 नग डेटोनेटर
17 नग जिलेटिन छड़ें
01 बंडल फ्यूज वायर
03 बंडल बिजली वायर
02 स्टील टिफिन व 02 प्लास्टिक डस्टबिन
01 बैटरी तथा अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री
नक्सलियों के नापाक मंसूबों पर फिरा पानी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल सुरक्षा बलों और आम नागरिकों को बड़ा नुकसान पहुंचाने के लिए किया जा सकता था. समय रहते डंप की बरामदगी से नक्सलियों के बड़े हमले की साजिश नाकाम हो गई है.
सुकमा एसपी मयंक गुर्जर ने बताया कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एरिया डोमिनेशन अभियान लगातार जारी रहेगा. आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिल रही जानकारियों के आधार पर दुर्गम क्षेत्रों में छिपे हथियारों और विस्फोटकों की तलाश में सर्चिंग आगे भी तेजी से चलाई जाएगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

