पीएम नरेंद्र मोदी को उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च सम्मान मिला, यूरेनियम समेत कई मुद्दों पर सहमति

पीएम नरेंद्र मोदी को उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च सम्मान मिला, यूरेनियम समेत कई मुद्दों पर सहमति

प्रेषित समय :15:18:31 PM / Sun, Aug 30th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली/ताशकंद. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उजबेकिस्तान के दो दिवसीय यात्रा पर हैं. ताशकंद में पीएम मोदी और राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत संपन्न हुई. इस दौरान, पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, कल खाने का मुझे बहुत बढिय़ा अनुभव मिला, उसके लिए मैं विशेष रूप से आभारी हूं.

पीएम मोदी ने कहा, आप व्यक्तिगत रूप से हर छोटी-बड़ी बात में शामिल थे. स्वादिष्ट भोजन के साथ-साथ, मुझे प्रतिभाशाली बच्चों के गीत और नृत्य देखने का भी आनंद मिला. ऐसा लगा जैसे आपने भारत को ही यहां जीवंत कर दिया हो, जैसे आपने मेरे अपने गुजरात की भावना को यहीं जगा दिया हो. इसके अलावा, आपने पूरे शहर को भारतीय तिरंगे के रंगों से सजाया. वह भी वास्तव में दिल को छू लेने वाला था. ये सब दिखाता है कि भारत आपके दिल के कितने करीब है. इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी को उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च सम्मान मिला 36वां अंतर्राष्ट्रीय सम्मान मिला है.

पीएम मोदी ने आगे कहा, दो दिनों में, आप अपने स्वतंत्रता दिवस की 35वीं वर्षगांठ मनाएंगे. मैं इस अवसर पर आपको और उज्बेकिस्तान के लोगों को अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं देता हूं. यह एक सुखद संयोग है कि इस साल हम अपनी रणनीतिक साझेदारी की 15वीं वर्षगांठ भी मना रहे हैं. मुझे खुशी है कि इस विशेष अवसर पर, हम अपने संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जा रहे हैं. हम इस ढांचे के भीतर ठोस लक्ष्य निर्धारित करके आगे बढ़ेंगे.

राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव ने क्या कहा?

पीएम नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत के दौरान, राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव ने कहा, भारत हमारा विश्वसनीय रणनीतिक साझेदार है. पिछले साल, हमारा द्विपक्षीय व्यापार पहली बार एक अरब डॉलर से अधिक हो गया. हाल के वर्षों में, संयुक्त उद्यमों की संख्या सात गुना बढ़ गई है. अब हमारे देशों के बीच हर सप्ताह 14 सीधी उड़ानें हैं. लाल बहादुर शास्त्री सेंटर फॉर इंडियन कल्चर और महात्मा गांधी सेंटर फॉर इंडियन स्टडीज हमारे मानवीय संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. जैसा कि मैंने पहले ही बताया है, हमारे देश में योग का दर्शन और अभ्यास तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. 2018 से एक समर्पित योग महासंघ काम कर रहा है, और इस जून में पूरे उज़्बेकिस्तान में एक राष्ट्रव्यापी योग महोत्सव आयोजित किया गया था. भारतीय नागरिकों के लिए 30-दिन की वीजा-मुक्त व्यवस्था शुरू करने से लोगों के बीच संपर्क, पर्यटन और व्यापारिक आदान-प्रदान के विकास में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-