छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू का प्रकोप: रायपुर में सर्वाधिक मामले, कुल संक्रमितों की संख्या 152 पहुंची

छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू का प्रकोप: रायपुर में सर्वाधिक मामले, कुल संक्रमितों की संख्या 152 पहुंची

प्रेषित समय :16:12:35 PM / Wed, Sep 2nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रायपुर. छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू (इन्फ्लूएंजा-ए एच1एन1) का संक्रमण तेजी से फैल रहा है. स्वास्थ्य विभाग के 31 अगस्त तक जारी आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष अब तक प्रदेश में स्वाइन फ्लू के कुल 152 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें से 38 सक्रिय मरीजों का इलाज वर्तमान में जारी है.

संक्रमण के मामले में राजधानी रायपुर सबसे अधिक प्रभावित है, जहां अब तक 66 मरीज मिल चुके हैं और 8 केस सक्रिय हैं. इसके बाद दुर्ग और बिलासपुर में 17-17 मामले सामने आए हैं. रायगढ़ में 10 और कोरबा तथा धमतरी में 9-9 मरीज दर्ज किए गए हैं. दूसरी ओर, बलरामपुर, बीजापुर, सुकमा और कबीरधाम सहित प्रदेश के 11 जिलों में अब तक स्वाइन फ्लू का एक भी मामला सामने नहीं आया है.

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है, क्योंकि मौसम में बदलाव के कारण वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है. सर्दी, खांसी, तेज बुखार, गले में खराश और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करने और समय पर जांच कराने की अपील की गई है. स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिला अस्पतालों को संदिग्ध मरीजों के परीक्षण, आइसोलेशन और त्वरित इलाज के निर्देश दिए हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-