रायपुर. मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मिलकर लौटे छत्तीसगढ़ के मेधावी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सौजन्य मुलाकात की. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करना गौरव की बात है.
हाल ही में रक्षाबंधन के अवसर पर छत्तीसगढ़ के छात्रों को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति से भेंट और संवाद का अवसर मिला था. इस दौरान एक भावुक क्षण तब देखने को मिला जब राष्ट्रपति महोदया ने 'चिल्ड्रन विद स्पेशल नीड्स' (CWSN) के छात्र नुकेश कुमार वर्मा को स्वयं राखी बांधी. इसके अलावा, छात्राओं ने राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक 'सुवा नृत्य' की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसकी राष्ट्रपति ने खूब सराहना की.
मुख्यमंत्री श्री साय ने बच्चों के साथ आत्मीय बातचीत कर उनकी यात्रा के अनुभव जाने. उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हमारी लोक संस्कृति हमारी पहचान है और बच्चों ने देश के सर्वोच्च मंच पर प्रदेश की प्रतिभा व सांस्कृतिक विरासत का बेहतरीन परिचय दिया है. मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों को लगन से पढ़ाई करने और उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया. इस मुलाकात में नारायणपुर, सुकमा, दुर्ग, महासमुंद और रायपुर के विद्यार्थी तथा राज्य नोडल अधिकारी शामिल रहे.