लखनऊ. वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (IX-1253) को गुरुवार सुबह तकनीकी कारणों से लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी. हवा में उड़ान के दौरान विमान के कार्गो होल्ड में स्मोक डिटेक्शन (धुएं का संकेत) अलार्म बजने के बाद यह एहतियाती कदम उठाया गया.
पायलट की सतर्कता और लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से त्वरित अनुमति मिलने के बाद विमान को सुबह लगभग 8:52 बजे लखनऊ में सुरक्षित लैंड करा लिया गया.
155 यात्री सुरक्षित, रनवे पर तैनात थीं दमकल गाड़ियां
सुबह करीब 8 बजे वाराणसी से रवाना हुए इस विमान में 155 यात्री और क्रू सदस्य मौजूद थे. स्मोक अलार्म ट्रिगर होते ही यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उड़ान को लखनऊ की ओर डायवर्ट कर दिया गया. लैंडिंग के तुरंत बाद आपातकालीन रिस्पॉन्स टीम, फायर ब्रिगेड और सुरक्षा बल रनवे पर तैनात हो गए. सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकालकर टर्मिनल भवन लाया गया.
जांच में नहीं मिला धुएं का सुराग
विमान को अलग टैक्सी-वे पर ले जाकर तकनीकी टीम द्वारा गहन जांच की गई. शुरुआती पड़ताल में आग या धुएं का कोई प्रत्यक्ष प्रमाण नहीं मिला है. विशेषज्ञों की प्राथमिक राय है कि किसी सेंसर की तकनीकी खराबी के कारण यह 'फॉल्स अलार्म' बज सकता है. पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.
वैकल्पिक व्यवस्था
विमानन अधिकारियों द्वारा यात्रियों को उनके गंतव्य दिल्ली तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए गए हैं. इससे पूर्व भी दिल्ली में खराब मौसम या अन्य तकनीकी वजहों से लखनऊ एयरपोर्ट का उपयोग उड़ानों को डायवर्ट करने के लिए किया जाता रहा है.

