मुंबई. गेटवे ऑफ इंडिया के पास समुद्र में 38 यात्री उस वक्त मुश्किल पड़ गए, जब उनकी नाव अचानक खराब हो गई. ये घटना घने अंधेरे में हुई, जिससे यात्री बुरी तरह घबरा गए. ऐसे में मुंबई पुलिस के जवानों ने उन्हें बचाया और इस तरह एक बड़ा हादसा बाल-बाल टल गया.
अनवरी नाम की ये फेरी गेटवे ऑफ़ इंडिया के पास टूरिस्टों को घुमाने के लिए ले जाती है. जब ये घूमकर गेट वे की ओर लौट रही थी, तभी किनारे से करीब डेढ़ नॉटिकल मील की दूरी पर अचानक फेरी का इंजन फेल हो गया.
कंट्रोल रूम से नाव के रुकने की जानकारी मिलने पर पुलिस एक्टिव हो गई. ये पता चलने पर कि एक और फेरी, आज़ाद हिंद, आस-पास ही है, उन्होंने उसके मालिक से वायरलेस फ़ोन पर कॉन्टैक्ट किया और बोट को रुके हुए जहाज की जगह पर जाने का आदेश दिया. आजाद हिंद बोट ने अनवारी बोट को खींचकर गेटवे ऑफ इंडिया पर सुरक्षित पहुंचाया. ये घटना 3 सितंबर को रात करीब साढ़े आठ बजे हुई. नाव में 38 लोग सवार थे, जिनमें 4 क्रू मेंबर्स भी शामिल हैं.

