रायपुर. नया रायपुर से लौट रहे युवक-युवतियों की तेज रफ्तार कार रविवार देर रात सेरीखेड़ी के पास ओवरब्रिज पर भीषण हादसे का शिकार हो गई. अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने और पलटने के कारण कार सवार एक युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो युवक और एक अन्य युवती घायल हो गए.
इलाज के दौरान युवती ने तोड़ा दम, तीन घायल
दुर्घटनाग्रस्त कार (क्रमांक CG 04 NW 7718) में चार लोग सवार थे. हादसे में शिवानी ठाकुर नाम की युवती को गंभीर चोटें आईं. उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
वहीं कार में सवार अन्य तीन यात्री-अनंत सोनकर (निवासी रामबाग, धमतरी), प्रखर सोनकर (निवासी पुरानी बस्ती, रायपुर) और सेजल सोनकर (निवासी कोटा, रायपुर) घायल हो गए. राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की एंबुलेंस की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी स्थिति फिलहाल सामान्य और खतरे से बाहर बताई जा रही है.
डिवाइडर से टकराकर पलटी कार
मिली जानकारी के अनुसार, सभी चार लोग नया रायपुर से रायपुर की ओर लौट रहे थे. सेरीखेड़ी ओवरब्रिज पर पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि वाहन सड़क पर पलट गया, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
मंदिर हसौद पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही मंदिर हसौद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने आवागमन सुचारू कराने के लिए दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाया और मामले की मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
प्रारंभिक पड़ताल में तेज रफ्तार के कारण कार का संतुलन बिगड़ने की बात सामने आ रही है. पुलिस कार की गति, चालक के नियंत्रण और अन्य संभावित तकनीकी कारणों की सघनता से पड़ताल कर रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

