'पंचायत' फेम आसिफ खान पहुंचे 'बिग बॉस' में: सलमान खान के सामने हुए भावुक, सुनाया 16 साल पुराना संघर्ष


प्रेषित समय :18:56:23 PM / Tue, Sep 8th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मुंबई. लोकप्रिय वेब सीरीज 'पंचायत' में दामाद (गणेश) के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाले राजस्थान के अभिनेता आसिफ खान अब रिएलिटी शो 'बिग बॉस' के मंच पर नजर आए हैं. शो के दौरान बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के सामने आसिफ काफी भावुक हो गए और अपनी आंखों में आंसू लिए अपनी मां को याद करते हुए बोले, "अम्मी, आज मैं सलमान खान के साथ खड़ा हूं."

चित्तौड़गढ़ के निंबाहेड़ा से ताल्लुक रखने वाले 35 वर्षीय आसिफ ने इस मुकाम तक पहुंचने के अपने लंबे और कठिन संघर्ष की कहानी साझा की.

होटल के किचन में बर्तन धोने से लेकर बैक डांसर बनने तक का सफर
आसिफ ने बताया कि साल 2008 में पिता के निधन के बाद घर की जिम्मेदारियां उन पर आ गई थीं. पढ़ाई छोड़कर उन्होंने काम करना शुरू किया और जयपुर में थिएटर के जरिए अभिनय की बारीकियां सीखीं.

मुंबई आने के बाद अपने शुरुआती दिनों में गुजारा करने के लिए उन्होंने सैफ अली खान और करीना कपूर की शादी के दौरान होटल के किचन में बर्तन तक धोए थे. आसिफ ने 16 साल पुराना किस्सा याद करते हुए बताया कि सलमान खान की फिल्म ‘रेडी’ के एक गाने में उन्होंने भीड़ के बीच बैक डांसर के रूप में काम किया था. तब उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन वे खुद सलमान खान के साथ उसी मंच पर डांस करेंगे.

बिग बॉस के मंच पर सलमान खान ने आसिफ के साथ उनके उस पुराने गाने पर डांस भी किया, जिसे देखकर आसिफ काफी भावुक हो गए. 'पंचायत' सीरीज के बाद अब 'बिग बॉस' के घर में उनकी एंट्री को लेकर फैंस के बीच काफी उत्साह है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-