दिल्ली में दिनदहाड़े एक करोड़ की लूट, पिस्टल दिखाकर नोटों से भरा बैग लेकर भागे स्कूटी सवार बदमाश

दिल्ली में दिनदहाड़े एक करोड़ की लूट, पिस्टल दिखाकर नोटों से भरा बैग लेकर भागे स्कूटी सवार बदमाश

प्रेषित समय :12:32:41 PM / Wed, Sep 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. दिल्ली के आईटीओ के पास एक कारोबारी के स्टाफ से एक करोड़ रुपए की लूट का मामला सामने आया है. आरोप है कि स्कूटी सवार दो बदमाशों ने आउटर रिंग रोड पर ऑटो को रोककर पिस्टल की नोक पर वारदात को अंजाम दिया. बदमाश नोटों से भरा एक बैग लेकर मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने स्नढ्ढक्र दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

कारोबारी का स्टाफ सोमवार शाम ऑटो से करीब तीन करोड़ रुपए लेकर जा रहा था. इसी दौरान आईटीओ के पास आउटर रिंग रोड पर स्कूटी सवार दो बदमाशों ने ऑटो को ओवरटेक कर रोक लिया. आरोप है कि बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर ऑटो में बैठे स्टाफ को डराया और नोटों से भरा एक बैग अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद दोनों स्कूटी से फरार हो गए. बताया जा रहा है कि बैग में करीब एक करोड़ रुपए थे. हालांकि, लूटी गई रकम और वारदात से जुड़े अन्य विवरणों की पुलिस जांच कर रही है.

पिस्टल दिखाकर बैग लेकर भागे

घटना के बाद ऑटो में सवार स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी. जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने पीडि़तों से पूछताछ कर वारदात के संबंध में जानकारी जुटाई. जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने पहले ऑटो को रोका और फिर हथियार दिखाकर बैग छीन लिया. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बदमाशों को नकदी ले जाने की जानकारी कैसे मिली और क्या उन्होंने पहले से रेकी की थी.

दरियागंज थाने में एफआईआर दर्ज

मामले में दरियागंज पुलिस स्टेशन की टीम ने एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों की पहचान हो सके. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बदमाश किस दिशा में फरार हुए और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी किसकी थी. इसके अलावा कारोबारी के स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है.

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस के सामने अब कई सवाल हैं. क्या बदमाशों को पहले से पता था कि ऑटो में करोड़ों रुपए की नकदी जा रही है? क्या वारदात से पहले ऑटो की रेकी की गई थी? क्या बदमाशों ने किसी अंदरूनी जानकारी के आधार पर लूट की? फिलहाल पुलिस इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस जल्द ही मामले में आगे की जानकारी साझा कर सकती है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-