चंडीगढ़. पंजाब में सरकारी कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल खत्म करने का फैसला किया है. सरकार की ओर से कर्मचारियों को जारी किए गए शो-कॉज नोटिस वापस लेने के बाद यूनियन ने आंदोलन समाप्त करने का ऐलान किया. अब कर्मचारियों की जल्द ही मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ बैठक होने की संभावना है, जिसमें उनकी मांगों पर चर्चा की जाएगी. दरअसल, कर्मचारियों ने अपनी मांगें पूरी न होने पर 11 सितंबर तक सामूहिक छुट्टी लेकर हड़ताल जारी रखने का फैसला किया था. इससे पहले केवल 8 सितंबर को हड़ताल का ऐलान किया गया था.
2,500 कर्मचारियों की गैरहाजिरी पर कार्रवाई का मामला
कर्मचारी यूनियन के मुताबिक, 27 अगस्त को हुई हड़ताल के बाद करीब 2,500 कर्मचारियों की गैरहाजिरी को लेकर सरकार ने कार्रवाई के लिए पत्र जारी किया था. कर्मचारी लगातार इस पत्र को वापस लेने की मांग कर रहे थे. इसी मुद्दे को लेकर कर्मचारियों और सरकार के बीच तनाव बढ़ गया था. कर्मचारियों का कहना था कि हड़ताल के दौरान गैरहाजिरी को लेकर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए.
सरकार ने दी थी नो वर्क, नो पे की चेतावनी
मंगलवार को पंजाब सरकार ने हड़ताल पर गए कर्मचारियों को सख्त चेतावनी दी थी. सरकार ने स्पष्ट किया था कि हड़ताल की अवधि में नो वर्क, नो पे का नियम लागू किया जाएगा. साथ ही गैरहाजिरी को लेकर विभागीय कार्रवाई की बात भी कही गई थी. अब सरकार द्वारा शो-कॉज नोटिस वापस लिए जाने के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर दी है. आगामी बैठक में कर्मचारियों की लंबित मांगों पर क्या फैसला होता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

