बस्तर के जंगलों में दिखा बाघ, ग्रामीणों में दहशत: वन विभाग ने अलर्ट जारी कर मुनादी कराई

बस्तर के जंगलों में दिखा बाघ, ग्रामीणों में दहशत: वन विभाग ने अलर्ट जारी कर मुनादी कराई

प्रेषित समय :16:59:12 PM / Wed, Sep 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जगदलपुर. बस्तर के जंगलों में एक बार फिर बाघ की मौजूदगी की खबर से ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है. भानपुरी वन परिक्षेत्र के अंतर्गत मावलीगुड़ा के खुटीगुड़ा पारा में बाघ देखे जाने की सूचना मिलने के बाद वन विभाग का अमला तुरंत हरकत में आ गया. विभाग की टीम ने प्रभावित इलाके में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मिले पदचिह्नों (पगमार्क) की जांच कर बाघ के विचरण की पुष्टि की.

गांवों में कराई गई मुनादी
बाघ की चहलकदमी को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के सभी गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है. कोटवार के माध्यम से गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है. वन अमले ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे बिना किसी आवश्यक काम के देर शाम या रात के समय घरों से बाहर न निकलें और अपने मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर बांधकर रखें.

वन विभाग कर रहा लगातार निगरानी
राहत की बात यह है कि क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी के बावजूद अब तक किसी प्रकार की जनहानि या मवेशी के शिकार की खबर नहीं है. वन विभाग की विशेष टीम संभावित रूट पर लगातार गश्त कर रही है और बाघ की गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए हुए है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-