मुंबई. बॉलीवुड गलियारों में गणेश चतुर्थी का त्योहार बेहद धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जाता है. गणेश उत्सव के पावन अवसर पर सेलिब्रिटीज के घरों में विघ्नहर्ता बप्पा का आगमन हो चुका है.
एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी ने हर साल की तरह इस बार भी अपने घर पर इको-फ्रेंडली गणपति बप्पा का स्वागत किया. इस दौरान उन्होंने पति राज कुंद्रा के साथ विधि-विधान से बप्पा की आरती की.

एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे भारी बारिश के बीच पारंपरिक लुक में बप्पा की मूर्ति लेने पहुंचीं.

दबंग खान परिवार में भी गणेशोत्सव का पर्व पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया जाता है. सलमान खान और उनका पूरा परिवार हर साल अपनी बहन अर्पिता खान शर्मा और आयुष शर्मा के मुंबई स्थित घर पर बप्पा का स्वागत करता है.

गणेश चतुर्थी की इस पूजा में माता-पिता सलीम और सलमा खान के साथ-साथ भाई अरबाज और सोहेल खान, बहन अलवीरा और परिवार के अन्य बच्चे भी शामिल होते हैं.

खान परिवार के इस उत्सव में उनके करीबी दोस्त जैसे रितेश देशमुख और जेनेलिया डिसूजा भी हर साल बप्पा के दर्शन करने पहुंचते हैं.

अभिनेता सोनू सूद के घर भी हर साल गणपति बप्पा की स्थापना होती है. पिछले गणेशोत्सव के दौरान उन्होंने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए बताया था कि जब वह पहली बार मुंबई में बप्पा को घर लाए थे, तो वे अंधेरी स्टेशन से बाइक पर मूर्ति लेकर आए थे. उन्होंने कहा था कि विघ्नहर्ता बप्पा हमेशा सही रास्ता दिखाते हैं और दुनिया भर की मुश्किलें दूर करने की शक्ति देते हैं.


