मुंबई. अभिनेता रोहित रॉय द्वारा टेलीविजन इंडस्ट्री को लेकर दिए गए एक विवादित बयान पर इन दिनों मनोरंजन जगत में तीखी बहस छिड़ गई है. एक इंटरव्यू के दौरान रोहित ने टीवी को 'डस्टबिन मीडियम' (कूड़ेदान जैसा माध्यम) बताया और यह दावा किया कि फिल्म एक्टर्स की तुलना में टीवी एक्टर्स में शालीनता, क्लास और खुद को पेश करने के सेंस की कमी होती है. उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया और इंडस्ट्री में भूचाल आ गया है, जहां कई टीवी कलाकारों ने उनके इस नजरिए की कड़ी आलोचना की है.
रोहित रॉय का विवादित बयान
किंडल कास्ट यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान रोहित रॉय ने सिनेमा और टीवी के बीच बड़ा अंतर बताया था. उन्होंने कहा कि फिल्म स्टार्स जब पब्लिक के सामने आते हैं, तो उनमें एक खास नजाकत और सोफिस्टिकेशन होता है, जो अक्सर टीवी एक्टर्स की गैदरिंग में देखने को नहीं मिलता. उन्होंने यह भी कहा कि सिनेमा आने वाली पीढ़ियों के लिए होता है, जबकि टेलीविजन एक 'डस्टबिन' की तरह है. हैरान करने वाली बात यह है कि रोहित रॉय खुद 'स्वाभिमान', 'कुसुम' और 'देश में निकला होगा चांद' जैसे लोकप्रिय टीवी शोज से ही घर-घर में पहचान बना चुके हैं.
टीवी सितारों का कड़ा विरोध
रोहित रॉय के इस बयान के सामने आने के बाद टीवी इंडस्ट्री के कलाकारों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है:
देवोलीना भट्टाचार्जी: मशहूर टीवी एक्ट्रेस ने रोहित की इस बात पर गहरी नाराजगी जताई और उस इंडस्ट्री की आलोचना करने पर सवाल उठाया, जिसने खुद उन्हें नेम और फेम दिया है.
नमन शॉ: अभिनेता ने भी रॉय के इस बयान पर कड़ा रुख अपनाते हुए टीवी कलाकारों के पक्ष में अपनी बात रखी और उनके बयानों को अनुचित बताया.
कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा का समर्थन
इस पूरे विवाद के बीच जाने-माने कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने टीवी एक्टर्स के समर्थन में खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि टेलीविजन एक्टर्स बेहद कमाल के होते हैं. वे जबरदस्त याददाश्त के धनी होते हैं, रोजाना कड़ी मेहनत करते हैं और सेट पर अत्यधिक प्रोफेशनल होते हैं. उन्होंने टीवी कलाकारों के अनुशासन और काम के प्रति समर्पण की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि उनके मन में टीवी एक्टर्स के लिए एक खास सम्मान और प्यार है.

