रायपुर: राजधानी के पुरानी बस्ती और टिकरापारा थाना क्षेत्रों में राहगीरों से चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले गिरोह को रायपुर पुलिस ने बेनकाब कर दिया है. एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 5 बालिग आरोपियों और 1 नाबालिग को गिरफ्तार किया है.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक एक्टिवा (CG 04 LH 5812) और बिना नंबर की केटीएम बाइक जब्त की है, जिनकी कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई जा रही है.
सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से पकड़े गए आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्सन गुरिया ने विशेष टीम का गठन किया था. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की.
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शामिल हैं:
गजेन्द्र यादव उर्फ गोल्डी (21 वर्ष)
डिगेन्द्र ध्रुव उर्फ बब्बू (19 वर्ष)
रितेश विश्वास (32 वर्ष)
भवम साहू (21 वर्ष)
सुभेद कुमार हुमने उर्फ सुमेन (19 वर्ष)
एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग)
पुरानी रंजिश और आपराधिक पृष्ठभूमि
पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी बस्ती में 2,000 रुपये की लूट और टिकरापारा के मठपारा में चाकू दिखाकर मोबाइल व 1,900 रुपये छीनने की बात कबूल की है.
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी गजेन्द्र यादव पहले भी हत्या के प्रयास के मामले में कोतवाली थाने से जेल जा चुका है, जबकि डिगेन्द्र ध्रुव का भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य मामलों में शामिल होने की जांच कर रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

