कनाडा में लॉरेंस गैंग की बड़ी धमकी: 'हमारा नेटवर्क मजबूत, पुलिस दूर रहे', 5 हजार शूटरों का दावा

कनाडा में लॉरेंस गैंग की बड़ी धमकी:

प्रेषित समय :15:46:37 PM / Thu, Sep 17th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

ओटावा. कनाडा में सक्रिय लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कथित नेटवर्क को लेकर एक सनसनीखेज खुलासा हुआ है. कनाडाई कानून प्रवर्तन एजेंसियों को मिले एक धमकी भरे पत्र के सार्वजनिक होने से हड़कंप मच गया है. इस पत्र में गैंग ने कनाडाई पुलिस को सीधी चुनौती देते हुए अपनी गतिविधियों में हस्तक्षेप न करने की चेतावनी दी है.

पुलिस को दी स्टेशन पर हमले की चेतावनी
रिपोर्ट्स के अनुसार, अगस्त 2025 में ब्रिटिश कोलंबिया के अबॉट्सफोर्ड पुलिस विभाग को यह कथित चिट्ठी भेजी गई थी, जिसकी जानकारी हाल ही में इमिग्रेशन एंड रिफ्यूजी बोर्ड की कार्यवाही के दौरान सामने आई. पत्र में पुलिस स्टेशनों पर गोलीबारी करने की धमकी दी गई है और दावा किया गया है कि संगठन के पास स्थानीय पुलिस से भी अधिक आधुनिक हथियार मौजूद हैं.

5,000 सदस्यों का दावा और रंगदारी नेटवर्क
चिट्ठी में दावा किया गया है कि कनाडा में गैंग के 5,000 से अधिक सदस्य सक्रिय हैं, जिनमें से कई पैसे के बदले वारदात को अंजाम देने के लिए तैयार हैं. हालांकि, कनाडाई अधिकारियों ने इस संख्या की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की है. पत्र में वहां रह रहे दक्षिण एशियाई कारोबारियों से जबरन वसूली (प्रोटेक्शन मनी) का भी जिक्र है.

सुरक्षा एजेंसियों की सख्त कार्रवाई
कनाडा की वित्तीय खुफिया एजेंसी FINTRAC और पुलिस (RCMP) ने बिश्नोई गैंग को एक अंतरराष्ट्रीय संगठित आपराधिक गिरोह के रूप में चिह्नित किया है. भारत की जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई के नाम से विदेश में चल रहे इस नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए कनाडाई एजेंसियां लगातार जांच और गिरफ्तारियां कर रही हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-