पमरे का जबलपुर रेल मंडल उत्तरोत्तर विकास की ऊंचाईयां छू रहा: सी. डीसीएम शशांक गुप्ता

पमरे का जबलपुर रेल मंडल उत्तरोत्तर विकास की ऊंचाईयां छू रहा: सी. डीसीएम शशांक गुप्ता

प्रेषित समय :20:58:14 PM / Fri, Sep 18th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. वर्तमान वित्तीय वर्ष अप्रैल से अगस्त 2026 के दौरान जबलपुर रेल मंडल की यात्री सुविधाओं, राजस्व एवं रेल सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों की विषय में जानकारी आज वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री शशांक गुप्ता, सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री धर्मेन्द्र सिंह एवं श्री गुन्नार सिंह द्वारा प्रदान की गयी.

राजस्व में वृद्धि -  जबलपुर रेल मंडल द्वारा अप्रैल से अगस्त 2026 के दौरान यात्री सुविधाओं के विस्तार, राजस्व वृद्धि, माल परिवहन, नई रेल सेवाओं एवं स्टेशन विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए गए. मंडल द्वारा यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ यात्री सुविधाओं के निरंतर विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

नई रेल सेवाएं एवं ठहराव-   यात्रियों को बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर नई सेवाएं एवं नियमित ठहराव प्रारंभ किए गए. इनमें ब्योहारी में धनबाद–एलटीटी एक्सप्रेस, रीवा से रीवा–सीएसएमटी एक्सप्रेस, स्लीमनाबाद में रीवा–इतवारी एक्सप्रेस का ठहराव, जबलपुर–पुणे एवं जबलपुर–बांद्रा सेवाओं का नियमित संचालन तथा झुकेही में रीवा–चिरमिरी एक्सप्रेस का ठहराव शामिल हैं.

यात्री उपलब्धियां -  अप्रैल से अगस्त 2026 के दौरान मंडल ने 187.30 लाख यात्रियों को रेल परिवहन की सुविधा प्रदान की, जो गत वर्ष की समान अवधि से 3.25 प्रतिशत अधिक है. यात्री राजस्व ?437.53 करोड़ रहा, जिसमें 6.01 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई. माल भाड़ा राजस्व 1,868.55 करोड़ रहा, जो गत वर्ष की तुलना में 11.19 प्रतिशत अधिक है. इस अवधि में मंडल का कुल राजस्व 2,407.41 करोड़ रहा, जिसमें 10.99 प्रतिशत की वृद्धि हुई. अन्य कोचिंग राजस्व से?34.74 करोड़ तथा टिकट जांच से ?31.39 करोड़ का राजस्व अर्जित किया गया.    

माल परिवहन को बढ़ावा - माल परिवहन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में जून 2026 में करहिया भदौली में नवीन गुड्स शेड प्रारंभ किया गया. यहां खाद्यान्न एवं उर्वरक की आउटवर्ड तथा खाद्यान्न, उर्वरक एवं सीमेंट की इनवर्ड यातायात सुविधा उपलब्ध है. उर्वरक की लोडिंग भी प्रारंभ हो चुकी है. इसके साथ ही देवरा ग्राम में गति शक्ति कार्गो टर्मिनल प्रारंभ किया गया है.

दिव्यांगजन एवं दृष्टिबाधित यात्रियों के लिए सुविधाएं - जुलाई 2026 में जबलपुर एवं सतना स्टेशनों पर ब्रेल साइनेज स्थापित किए गए, जिससे दृष्टिबाधित यात्रियों को स्टेशन परिसर में आवागमन एवं विभिन्न यात्री सुविधाओं तक पहुंचने में सहायता मिलेगी. वित्त वर्ष 2026-27 में अगस्त 2026 तक 768 डिजिटल दिव्यांगजन कार्ड जारी किए जा चुके हैं.

अमृत भारत स्टेशन योजना- ब्योहारी रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का 17 जुलाई 2026 को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया गया. पुनर्विकसित स्टेशन पर यात्रियों के लिए आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं.

-त्यौहारों में स्पेशल ट्रेनों की सुविधा - अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए दुर्गा पूजा, दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए पश्चिम मध्य रेल द्वारा जबलपुर–हजरत निजामुद्दीन, जबलपुर–हरिद्वार, रीवा–रानी कमलापति, रीवा - डॉ. आंबेडकर नगर, एवं कटनी–सतना के बीच पूजा स्पेशल ट्रेनें  संचालित की जा रही हैं. इसके साथ ही आने वाले समय त्यौहारों की भीड़ देखते हुए  यात्रियों की सुविधा के लिए और अतिरिक्त स्पशल  ट्रेनें चलाई जाएंगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-