रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. नगर निगम के पूर्व महापौर एजाज ढेबर को एक अज्ञात विदेशी नंबर से फोन कर 50 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है. फोन करने वाले ने खुद को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई और अमन साव गैंग से जुड़ा हुआ बताकर जान से मारने की धमकी दी है.
धमकी भरा कॉल मिलने के तुरंत बाद एजाज ढेबर ने मध्य जोन के कोतवाली थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
विदेशी नंबर से आया कॉल, साइबर सेल हुई सक्रिय
शुरुआती जांच के अनुसार, पूर्व महापौर के व्यक्तिगत मोबाइल नंबर पर एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल आया था. कॉल करने वाले ने बेहद आक्रामक लहजे में बात करते हुए 50 करोड़ रुपये की मांग रखी.
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए साइबर क्राइम की विशेष टीम को जांच में लगा दिया गया है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कॉल के लिए किस देश के नेटवर्क का इस्तेमाल किया गया है या फिर इंटरनेट कॉलिंग (VoIP) और वर्चुअल नंबर के जरिए फर्जी लोकेशन दिखाई जा रही है.
अमन साव के नाम का जिक्र और पुराना कनेक्शन
धमकी देने वाले व्यक्ति ने लॉरेंस बिश्नोई के साथ-साथ गैंगस्टर अमन साव के नाम का भी इस्तेमाल किया है. इसके बाद पुलिस इस मामले के पुराने तार खंगालने में जुट गई है.
उल्लेखनीय है कि जब गैंगस्टर अमन साव रायपुर जेल में बंद था, उसी दौरान शराब घोटाले से जुड़े मामले में एजाज ढेबर के भाई अनवर ढेबर भी उसी जेल में निरुद्ध थे. हालांकि, झारखंड ले जाते समय पुलिस मुठभेड़ में अमन साव की मौत हो चुकी है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि यह धमकी वास्तव में किसी गिरोह से जुड़ी है या फिर सिर्फ खौफ पैदा करने के लिए इन नामों का सहारा लिया गया है.
पुलिस की जांच जारी
कोतवाली पुलिस और साइबर टीम डिजिटल साक्ष्यों, कॉल टाइमिंग और तकनीकी इनपुट्स के आधार पर संदिग्धों की तलाश कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सिर्फ नाम का इस्तेमाल किए जाने से किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. आरोपी की गिरफ्तारी और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का सच सामने आ सकेगा.

