मंदसौर. एमपी के मंदसौर जिले के दलोदा थाना क्षेत्र में शनिवार की देर रात लखमा खेड़ी गांव में हाईवे पर मजदूरों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली भीषण टक्कर के बाद पलट गई. इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला और एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि 19 लोग घायल हो गए. इनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, सभी मजदूर रतलाम जिला निवासी है, सभी लोग मजदूरी करके वापस उज्जैन लौट रहे थे. इस दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्रॉली को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दुर्घटना के बाद लोगों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉल पलट कर सड़क पर जा गिरी, जिसमें कई लोग दब गए.
कई की हालत गंभीर
दुर्घटना की सूचना मिलते ही दलोदा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद घायलों को ट्राली के नीचे से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया. 19 घायलों में छह लोगों की हालत काफी नाजुक बनी हुई है. बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर में सवार सभी लोग रतलाम जिले के रोटी क्षेत्र के मजदूर हैं. ये लोग रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण के काम में मजदूरी करके वापस उज्जैन लौट रहे थे. इसी दौरान यह हादसा हुआ है. घटना के तत्काल बाद एडीएम एकता जायसवाल जिला अस्पताल पहुंचीं और घायलों की स्थिति का जायजा लिया.
घटना की जांच में जुटी टीम
एडीएम एकता जायसवाल ने बताया, फोर लाइन सड़क पर ट्रैक्टर और ट्रक के बीच टक्कर में दो लोगों की मौत हुई है. जबकि 19 लोग घायल है. सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है. मृतकों की पहचान मजदूर बसंती बाई और 6 वर्षीय बालिका प्रियंका के रूप में हुई है. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है. पोस्टमार्टम के बाद शवों को सुबह परिजनों को सौंप जाएगा. इस घटना में घायल और मृतक के परिजनों को सूचना दी गई है. घटना की जांच की जा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

