मुंबई में तेज रफ्तार बीएमडबलू हुई हादसे की शिकार, नाबालिग समेत 3 की मौत, एक की हालत गंभीर

मुंबई में तेज रफ्तार बीएमडबलू हुई हादसे की शिकार, नाबालिग समेत 3 की मौत, एक की हालत गंभीर

प्रेषित समय :11:21:28 AM / Sun, Sep 20th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मुंबई. मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार तड़के एक तेज रफ्तार बीएमडबलू भीषण हादसे का शिकार हो गई. लोटस जेट्टी के पास हुए इस हादसे में कार सवार 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा सुबह करीब 5:20 बजे लाला कॉलेज के सामने हुआ.

बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के मुताबिक, बीएमडबलू मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी. इसी दौरान कथित तौर पर तेज रफ्तार के कारण चालक ने कार पर नियंत्रण खो दिया और यह दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे के बाद बीएमडबलू में सवार चारों लोगों को तत्काल नायर अस्पताल पहुंचाया गया.

नायर अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी के अनुसार, शनाय गजल (21) और धीरिया सेठ (17) को मृत घोषित कर दिया गया. इसके अलावा एक अज्ञात 25 वर्षीय युवक की भी मौत हो गई. वहीं, एक अज्ञात 20 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल है और उसे अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है.

यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब कुछ दिन पहले ही मुंबई पुलिस ने कोस्टल रोड की सुरंग में लग्जरी और तेज रफ्तार वाहनों की कथित रेसिंग से जुड़े एक वायरल वीडियो का संज्ञान लिया था. 3 सितंबर को सामने आए वीडियो में मरीन ड्राइव से दक्षिण दिशा में जाने वाले कोस्टल रोड की सुरंग के भीतर कई लग्जरी वाहनों को तेज रफ्तार में दौड़ते और कथित तौर पर रेस करते हुए दिखाया गया था. पुलिस ने इस मामले में कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-